महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय में व्याख्यानमाला आयोजित
बीकानेर, 15 फरवरी। देवस्थान राज्य मंत्री राजकुमार रिणवा ने कहा कि स्वर्गीय महाराजा गंगासिंह दूरदृष्टा एवं विकास के पुरोधा थे। बीकानेर के नवनिर्माण में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
रिणवा ने बुधवार को महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग द्वारा आयोजित तृतीय महाराजा गंगासिंह स्मृति व्याख्यान के उद्घाटन के दौरान यह बात कही। उन्होंने महाराजा गंगासिंह की लोक संस्कृृति व लोक संगीत में उपस्थिति को इंगित करते हुए कहा कि कइर्ं राजस्थानी गीतों में महाराजा गंगासिंह द्वारा किए गए कल्याणकारी कार्यों का उल्लेख है, जिन्हें आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी। उन्होंने कहा कि महाराजा गंगासिंह ने गंगनहर लाकर, रेगिस्तानी इलाके को सरसब्ज किया। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय सहित अनेक स्तरीय शैक्षणिक संस्थाओं की स्थापना में उन्होंने महत्ती भूमिका निभाई।
संगोष्ठी के मुख्य वक्ता प्रो. शिवकुमार भनोत ने कहा कि महाराजा गंगासिंह का व्यक्तित्व अतुलनीय था। उन्होंने क्षेत्र में विकास की गंगा बहाई। उन्होंने प्रत्येक क्षेत्र में अनेक नवाचार और सुधार किए। वे ब्रिटिश शासन में पहले भारतीय जनरल थे। भनोत ने महाराजा गंगासिंह द्वारा करवाए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। कुलपति प्रो. भागीरथ सिंह ने अगले सत्र से इस व्याख्यानमाला को विश्वविद्यालय स्तर पर करवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा शोध के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी को ‘गंगासिंह अवार्ड’ दिया जाएगा।
कुलपति ने महाराजा गंगासिंह को ‘भागीरथ’ बताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में भी जल संरक्षण व्यवस्था व जल की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया जाएगा। कुलपति ने अगली व्याख्यानमाला महाराजा गंगासिंह की पुण्यतिथि पर करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि महाराजा गंगासिंह के नाम पर स्थापित इस विश्वविद्यालय द्वारा भविष्य में स्मृति चिन्ह पर विश्वविद्यालय के लोगो के अतिरिक्त महाराजा गंगासिंह की तस्वीर शामिल होगी।
इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. नारायण सिंह राव ने विभाग की जानकारी व स्वागत भाषण दिया। उन्होंने विभिन्न आलोचकों की दृष्टि में महाराजा गंगासिंह की शख्सियत पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम समन्वयक डा. मेघना शर्मा ने वित्त एवं कंपनी मामलात राज्य मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल के बधाई संदेश का वाचन किया। स्वामी संवित् सोमगिरी महाराज ने आध्यात्म और संस्कृति के दृष्टिकोण से महाराजा गंगासिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व की विशेषताओं को बताया।
कुलसचिव प्रेमाराम परमार ने भी विचार व्यक्त किए। डॉ. अंबिका ढ़ाका ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में राजस्थान राज्य अभिलेखागार के निदेशक डॉ. महेन्द्र खड़गावत, राजकीय डूंगर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. बेला भनोत, लालगढ़ ट्रस्ट के दिलीप सिंह, हनुमंत सिंह सहित विभिन्न गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
—–
17 को आएंगे स्वायत्त शासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी
बीकानेर, 15 फरवरी। स्वायत्त शासन, नगरीय विकास एवं आवासन विभाग मंत्री श्रीचंद कृपलानी 17 फरवरी को बीकानेर दौरे पर रहेंगे। वे जयपुर से रवाना होकर प्रातः 11 बजे बीकानेर पहुंचेंगे तथा अन्नपूर्णा रसोई योजना का शुभारम्भ करेंगे। कृपलानी इसके बाद संभाग के स्थानीय निकाय विभाग एवं नगरीय विकास विभाग के अध्यक्ष एवं अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रट सभागार में बैठक लेंगे।
—-
युवा पंजीकरण महोत्सव’ में भागीदारी निभाएंगे एनजीओ एवं निजी विद्यालय
बीकानेर, 15 फरवरी। युवा पंजीकरण महोत्सव के तहत वंचित युवा मतदाताओं के पंजीयन में स्वयंसेवी संस्थाएं एवं निजी विद्यालय भी भागीदारी निभाएंगे। बुधवार को जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वेदप्रकाश की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में अनेक संस्थाओं ने यह पहल करने का भरोसा दिलाया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2017 को 18 वर्ष की आयु प्राप्त कर चुके ऎसे युवा जिन्होंने अभी तक मतदाता सूची में पंजीकरण नहीं करवाया है, उनके पंजीयन के लिए 28 फरवरी तक ‘युवा पंजीकरण महोत्सव’ आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत महाविद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। अब निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं एवं निजी विद्यालयों के सहयोग से अधिक से अधिक वंचित युवाओं का पंजीकरण एवं वातावरण निर्माण किया जाएगा।
प्रार्थना सभाओं में दें जानकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि स्कूलों की प्रार्थना सभाओं में अभियान के बारे में जानकारी दी जाए। संस्था द्वारा सप्ताह में एक दिन विशेष कालांश लगाकर अभियान के बारे में बताया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्कूल इस कार्य के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करे तथा इसकी जानकारी उपलब्ध करवाएं। जागरूकता के लिए रैलियां, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं।
संस्थाओं ने की पहल
बैठक के दौरान सेवन स्टार के महेन्द्र चूरा, सेवर्स स्क्वॉयर के विजय बाफना, टाइगर यूथ क्लब के पवन व्यास, नालंदा सीनियर सैकण्डरी स्कूल के राजेश रंगा, सोफिया स्कूल के हनुमान शर्मा, सरस्वती शिक्षा भारती स्कूल के दीपक राजपुरोहित, लक्की मॉडल स्कूल के भागमल सैनी, राष्ट्रीय माध्यमिक विद्यालय के किशन सिंह यादव ने अभियान में भागीदारी निभाने की पहल की। उन्होंने पेम्पलेट्स छपवाने, विशेष शिविर आयोजित करने तथा स्कूलों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करने का विश्वास दिलाया।
फार्म-6 के लिए चाहिए यह दस्तावेज
अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) शैलेन्द्र देवड़ा ने कहा कि पात्र युवाओं के पंजीयन के लिए फार्म-6 भरना होगा। इसके लिए जन्म तिथि प्रमाणन, पासपोर्ट साइज फोटो तथा घर के किसी सदस्य के वोटर आइडी प्रमाण-पत्र की प्रति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा किसी दस्तावेज की जरूरत नहीं पड़ती। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) तेजासिंह, तहसीलदार अशोक अग्रवाल तथा निर्वाचन शाखा के किशन पुरोहित मौजूद थे।
—–
स्वतंत्रता सेनानी मूलचंद पारीक नवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा
बीकानेर, 15 फरवरी। स्वतंत्रता सेनानी मूलचंद पारीक की नवीं पुण्यतिथि पर गुरूवार को प्रातः 10 बजे मूलचंद पारीक सर्किल जस्सूसर गेट पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। प्रतिमा कमेटी के अध्यक्ष नित्यानंद पारीक ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वतंत्रता सेनानी हीरालाल शर्मा करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक डॉ गोपाल कृष्ण जोशी, सिद्धि कुमारी, भंवर सिंह भाटी, डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. अमनदीप सिंह कपूर मौजूद रहेंगे।
—
आवासीय प्रशिक्षण के तहत किया जैसलसर का दौरा
बीकानेर, 15 फरवरी। महात्मा गांधी नरेगा योजनान्तर्गत संभाग स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण के आठवें दिन प्रतिभागियों ने नोखा की ग्राम पंचायत जैसलसर का दौरा किया व योजना के तहत चल रहे कार्यों का भौतिक सत्यापन किया। प्रशिक्षणार्थियों ने ग्राम पंचायत, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भवन नवीनीकरण कार्य, सांडशाला, किसान सेवा केन्द्र,का अवलोकन कर उसका मेजरमेंट किया। साथ ही ग्राम पंचायत के वाटर हार्वेसटिंग स्ट्रक्चर का निरीक्षण किया तथा ग्राम पंचायत में किये जाने वाले विभिन्न कार्यों की जानकारी ली।
इस अवसर पर सरपंच मनमोहन सिंह, सहायक अभियंता मनीष पूनियां व मिठ्ठू सिंह, महेन्द्र सिंह, डीपीसी महेन्द्र सिंह, आईईसी समन्वयक गोपाल जोशी,उपस्थित थे। प्रशिक्षण में बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरू के नवनियुक्त कनिष्ठ तकनीकी सहायक भागीदारी निभा रहे हैं।
—-
स्वयं सेवक पुरूष व महिलाओं की होगी भर्ती
बीकानेर, 15 फरवरी। नागरिक सुरक्षा केन्द्र द्वारा नागरिक स्वयं सेवक पुरूषों एवं महिलाओ की भर्ती 20 फरवरी को प्रातः 10ः30 बजे जिला पुल गैराज ढोला मारू के पीछे स्थित नागरिक सुरक्षा फायर स्टेशन में की जायेगी। नागरिक सुरक्षा उप नियंत्रक ज्ञानेन्द्र सिंह ने बताया कि इच्छुक आवेदक जो राष्ट्रीय/राज्य स्तरीय प्रशिक्षित तैराक/गोताखोर महिला पुरूष हो एवं भारी वाहन चालक का लाईसेंस धारी (अनुभव 2 वर्ष) को भर्ती में प्राथमिकता दी जावेगी। उन्होंने बताया कि पात्रता के लिए प्रार्थी की आयु 18 वर्ष से 40 वर्ष तक हो, न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 5 वी उत्तीर्ण हो, प्रार्थी शारीरिक रूप से स्वस्थ हो, व बीकानेर का मूल निवासी होना चाहिये। प्रार्थी अपना राशन कार्ड, जन्म तिथि का प्रमाण पत्र एवं शिक्षा सम्बन्धित प्रमाण एवं मूल निवास प्रमाण पत्र साथ में लावे।