15 सूत्री कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु पूर्ण गंभीरता से करें कार्य

लापरवाह अधिकारियों के विरूद्ध की जाएगी नियमानुसार कार्यवाही

bikaner samacharबीकानेर, 21 जून 2017। जिला कलक्टर अनिल गुप्ता ने कहा कि 15 सूत्री कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी पूर्ण गंभीरता से कार्य करें। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

गुप्ता बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित 15 सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि मदरसों का समयबद्ध निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। घड़सीसर व बंगलानगर के अल्पसंख्यक क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केन्द्र खुलवाने की मांग पर उन्होंने निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों के पार्षदों के माध्यम से इस सम्बन्ध में प्रस्ताव भिजवाए जाएं। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के व्यक्तियों को बैंकों द्वारा समय पर कारोबारी ऋण उपलब्ध कराया जाए।

दिए जाएंगे कारण बताओ नोटिस-जिला कलक्टर ने बैठक में अनेक अधिकारियों के बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित रहने, समय पर नहीं आने व निर्धारित फॉर्मेट में आवश्यक सूचना समय पर नहीं प्रस्तुत करने को गंभीरता से लेते हुए, ऎसे अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस देने के अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए।

करवाई जाएगी जांच- बैठक के दौरान समिति सदस्य अयूब कायमखानी ने कुछ मदरसों में विभिन्न अनियमितताओं की शिकायत की। इस पर जिला कलक्टर ने उन्हें कहा कि इस संंबंध में विस्तृत सूचना दें। इन प्रकरणों की वरिष्ठ अधिकारी से जांच करवाई जाएगी।

प्रगति समीक्षा- जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद सलीम ने बताया कि सत्र 2015-16 में उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति के तहत 488 विद्यार्थियों को 30 लाख 79 हजार 783 रूपये तथा मेरिट कम मीन्स छात्रवृत्ति के तहत 113 विद्यार्थियों को 32 लाख 85 हजार 549 रूपये की छात्रवृत्ति दी गई। सत्र 2016-17 के तहत उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति में 973 व मेरिट कम मीन्स छात्रवृत्ति के तहत 116 ऑनलाइन आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं, जिनका राशि वितरण कार्य प्रक्रियाधीन है। सत्र 2016-17 में 10 छात्रों को 6 लाख 75 हजार रूपये राशि का शैक्षणिक ऋण स्वीकृत किया गया। सत्र 2015-16 में 160 आवेदकों को कारोबारी ऋण के तहत 57 लाख 22 हजार 700 रूपये की राशि दी गई। सत्र 2016-17 में इसके तहत 104 आवेदकों को चयनित किया गया है, जिन्हें राशि दी जानी प्रक्रियाधीन है। जून माह तक आंगनबाड़ी केन्द्रों में अल्पसंख्यक समुदाय के शहरी क्षेत्र के 2 हजार 321 बच्चों का नामांकन व ग्रामीण क्षेत्रों के 10 हजार 147 बच्चों का नामांकन किया गया है। सर्व शिक्षा अभियान के तहत 89 अल्पसंख्यक दिव्यांग विद्यार्थियों को ट्रांसपोर्ट व एस्कोर्ट भत्ता स्वीकृत किया गया तथा 58 अल्पसंख्यक विद्यार्थियों को अंग उपकरण वितरित किए गए।

बैठक में जिला उद्योग केन्द्र महाप्रबन्धक आर के सेठिया, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) के के मुद्गल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

– मोहन थानवी

error: Content is protected !!