उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट प्रदर्शन, समर्पण और टीमवर्क के बल पर चालू वित्तीय वर्ष में अगस्त माह तक अब तक का सर्वाधिक राजस्व अर्जित किया है। मंडल ने अगस्त तक कुल ₹811.38 करोड़ का समग्र राजस्व दर्ज किया है। इसके साथ ही, मंडल ने यात्री परिवहन में भी अगस्त तक कुल 1.19 करोड़ यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचाया, जो अब तक का सर्वाधिक यात्री आंकड़ा है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव ने बताया कि अजमेर मंडल ने इस अवधि में मालभाड़ा से ₹426.54 करोड़, यात्री परिवहन से ₹342.82 करोड़, टिकट चेकिंग से ₹9.05 करोड़, गैर-किराया राजस्व से ₹2.09 करोड़ तथा पार्किंग से ₹0.98 करोड़ सहित कुल ₹811.38 करोड़ का राजस्व अर्जित किया। सभी संबंधित विभागों के आपसी समन्वय, रेलकर्मियों की निष्ठा, कड़ी मेहनत और मालभाड़ा ग्राहकों के निरंतर सहयोग के फलस्वरूप यह उपलब्धि हासिल हुई है। रेलवे प्रशासन भविष्य में भी यात्रियों को सुगम, सुरक्षित यात्रा और बेहतर माल परिवहन सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है।
*मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर*