राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित

फ़िरोज़ खान
बारां, 25 अक्टूबर। जिला कलक्टर डॉ. एस.पी. सिंह की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की बैठक मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित हुई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन, राजस्व प्रकरण, वसूली के लक्ष्य, पेंशन प्रकरण, महात्मा गांधी नरेगा योजना के कार्य समेत विभिन्न विकास योजनाओं पर चर्चा करते हुए वांछित लक्ष्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कलक्टर डॉ. सिंह ने समस्त उपखंड अधिकारियों को लंबित राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने, रोड़ा एक्ट, एलआर एक्ट, सीमाज्ञान के प्रकरण, पेंशन प्रकरण, 17 सीसी के प्रकरण, वसूली के प्रकरणों का निस्तारण निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप करने के निर्देश प्रदान किए। उन्हांेने कहा कि अधिकारी जिले में स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण के लक्ष्य पूर्ण करने हेतु प्रतिबद्ध होकर कार्य करें इस संबंध में आमजन को जागरूक करने हेतु प्रभात फेरी, बैठकें, जागरूकता रैली आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना चाहिए। इस मौके पर विभिन्न विकास योजनाओं के लक्ष्य व प्रगति के संबंध में भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों के कार्य को शीघ्र पूर्ण करवाने, महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत रोजगार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में विकास योजनाओं की क्रियान्विति में तेजी लाने एवं आपसी समन्वय से व सजगता से कार्य करने, सीमाज्ञान, जमाबंदी, तरमीम व सेग्रीगेशन के कार्य भी समयबद्ध रूप से सम्पादित करने के संबंध में निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर वासुदेव मालावत, रसद अधिकारी शंकरलाल, समस्त उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार समेत कई अधिकारी मौजूद थे।