बीकानेर, 26 अक्टूबर। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती (31 अक्टूबर) के अवसर पर ‘रन फोर यूनिटी’ का आयोजन होगा। यह प्रातः 8 बजे कलक्ट्रेट परिसर से प्रारम्भ होगी तथा पब्लिक पार्क होते हुए गांधी पार्क पहुंचेगी। जहां सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
जिला कलक्टर ने अनिल गुप्ता ने बताया कि ‘रन फोर यूनिटी’ में स्कूल एवं कॉलेज विद्यार्थी, पुलिस एवं आरएसी के जवान, एनसीसी, एनएसएस और स्काउट के कैडेट तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं आमजन भाग लेंगे। ‘रन फॉर यूनिटी’ से पूर्व सभी प्रतिभागियों को कलक्ट्रेट में ‘राष्ट्रीय एकता’ की शपथ दिलाई जाएगी। इस दौरान पुलिस के बैंड स्वरलहरियां बिखेरेंगे। इसमें राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तथा रौबीले भी भागीदारी निभाएंगे।
अधिक से अधिक हो भागीदारी
जिला कलक्टर ने बताया कि ‘रन फोर यूनिटी’ में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी हो, इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर प्रातः 10ः30 बजे सभी कार्यालयों में राष्ट्रीय एकता से संबंधित शपथ होगी। सायं 4ः30 बजे पुलिस लाइन में ‘मार्च पास्ट’ का आयोजन किया जाएगा। ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के अवसर पर स्कूल और कॉलेज स्तर पर निबंध, भाषण, चित्रकला, नारा लेखन, पोस्टर बनाने संबंधित प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
—–
जिला पैरोल समिति की बैठक में 25 प्रकरणों पर विचार-विमर्श
बीकानेर, 26 अक्टूबर। जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अनिल गुप्ता की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्टे्रट सभागार में जिला पैरोल समिति तथा आन्तरिक सुरक्षा सम्बन्धित बैठकें आयोजित की गइर्ं। बैठक में पुलिस अधीक्षक संवाई सिंह गोदारा मौजूद थे।
गुप्ता ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में जिप्सम खनन पट्टे जारी करने के संबंध में सतर्कता बरती जाए। गोदारा ने कहा कि बोर्डर एरिया में खेतीबाड़ी के काम हेतु बाहर से आए श्रमिकों के पास पुख्ता पहचान पत्र अवश्य हाें, इस सम्बन्ध में औचक निरीक्षण किया जाए। बैठक में पैरोल के कुल 25 प्रकरणों पर विचार-विमर्श किया गया, इनमें से 5 मामलों में पैरोल स्वीकृत, 9 अस्वीकृत तथा 11 प्रकरण लम्बित रखे गए।
बैठक में एडीएम (शहर) शैलेन्द्र देवड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. लालचंद कायल सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
——
आवासित बच्चों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा के हों पुख्ता इंतजाम- गुप्ता
बीकानेर, 26 अक्टूबर। जिला कलक्टर अनिल गुप्ता ने कहा कि राजकीय एवं अनुदानित गृहों में आवासित बच्चों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाए।
गुप्ता गुरूवार को कलेक्टे्रट सभागार में समेकित बाल संरक्षण योजना व जिला स्तरीय समिति की बैठकों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बाल श्रम को रोकने के लिए कड़ी कार्यवाही की जाए। बालिका व किशोर गृह में सफाई व सुरक्षा व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने इन गृहों में होमगार्ड नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए।
गुप्ता ने कहा कि राजकीय एवं गैर राजकीय विद्यालयों में चाइल्ड राइट क्लब तथा ग्राम पंचायत एवं पंचायत समिति स्तर पर बाल संरक्षण समिति गठित करने के सम्बन्ध में सजगता से प्रयास किए जाएं। चाइल्ड हैल्प लाइन 1098 द्वारा बाल संरक्षण के क्षेत्र में तत्परता से कार्य किए जाए। नवजीवन योजना के तहत सभी पंचायत समितियों के विकास अधिकारियों एवं नगरीय क्षेत्र में योजना के तहत आने वाले जाति वर्ग समूह के क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं के विकास सम्बन्धी प्रस्ताव तैयार किए जाएं।
बैठक में बताया गया कि किशोरगृह में 10 बालक हैं, जिनमें से 5 बालक स्कूल जाते हैं, बालिकागृह में 14 बालिकाएं हैं, जिनमें से 5 बालिकाएं स्कूल जाती हैं। राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण एजेन्सी में 10 बच्चे आवासित हैं।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय विशेष योग्यजन शिविर- जिला कलक्टर ने कहा कि इन शिविरों का पर्याप्त प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे कोई भी दिव्यांग लाभ से वंचित न रहे। सभी दिव्यांगों को शिविरों में लाने के लिए, जनप्रतिनिधियों, आमजन, स्वयंसेवी संगठनों को भी प्रेरित किया जाए। शिविरों में चिकित्सक समय पर पहुंचें। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एल डी पंवार ने बताया कि इन शिविरों में अब तक 24 हजार 900 दिव्यांगों का पंजीकरण हो चुका है।
बैठक में महिला एवं बाल विकास उपनिदेशक रचना भाटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. लालचंद , सीडबल्यूसी अध्यक्ष वाई के शर्मा, उपअधीक्षक प्रताप सिंह, पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. पी के बेरवाल, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. इंदिरा प्रभाकर, सदस्य सुमन जैन, अरूणा भार्गव, हाजरा बानो, जयश्री पारीक, किशनाराम लोल, मदनलाल, कीर्ति सोनी उपस्थित थे।
—-
मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं- जिला कलक्टर
बीकानेर, 26 अक्टूबर। जिला कलक्टर अनिल गुप्ता ने कहा कि मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं।
गुप्ता गुरूवार को कलेक्टे्रट सभागार में मौसमी बीमारियों की रोकथाम सम्बन्धी समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि डेंगू व स्वाइन फ्लू के मरीजों का पता लगते ही सम्बन्धित स्थानों पर त्वरित आवश्यक कार्यवाही की जाए। फोगिंग आदि नियमित रूप से की जाए। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे फोगिंग हेतु मदद के लिए चिकित्सा विभाग को निगम के 10 कार्मिक उपलब्ध कराएं, जिन्हें चिकित्सा विभाग द्वारा आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने पीएचईडी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलदाय विभाग के ओवर हैड वाटरटैंक्स की समय पर सफाई हो तथा क्लोरिफिकेशन, ब्लीचिंग व फिल्टरेशन कार्य सजगता से हो। पेयजल के नियमित सैम्पल लिए जाएं। आईईसी गतिविधियां करवाइ जाएं। पानी भराव के क्षेत्रों में आवश्यक उपाय किए जाएं।
निगम आयुक्त निकया गोहाएन ने बताया कि शहर में नियमित रूप से सफाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विभाग द्वारा ऎसे सम्भावित क्षेत्रों की सूची उपलब्ध कराई जाए। फोगिंग करने वाले कार्मिकों को सुरक्षात्मक उपकरण प्रदान किए जाएं।
पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. पी के बेरवाल ने बताया कि पीबीएम में मौसमी बीमारियों से उपचार हेतु अलग से वार्ड है तथा पर्याप्त मात्रा में दवाईयां उपलब्ध हैं। राजकीय चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. बी एल हटीला ने बताया कि चिकित्सालय में इस सम्बन्ध में अलग से वार्ड स्थापित किया गया है। कोलायत बीसीएमओ डॉ. अनिल वर्मा ने कहा कि आमजन को मच्छरों से बचाव हेतु घरोें में सुरक्षात्मक उपाय अपनाने तथा नालियों में तेल डालने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. इंदिरा प्रभाकर ने बताया कि स्वाइन फ्लू की रोकथाम हेतु अब तक 5 लाख 44 हजार 384 मरीजों की ओपीडी में जांच की गई है। पानी के 1 हजार 53 नमूने लिए गए, जिनमें से 1 हजार 31 नमूने संतोषजनक, 13 असंतोषजनक व जांच रहित नमूनों की संख्या 9 है। इस वर्ष पीलिया के 23 मरीज, टाईफाईड के 858, खसरे के 122, डिप्थीरिया के 302 मरीजों का उपचार किया गया। बैठक में सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
—–
गृह, पीडब्ल्यूडी एवं नगरीय विकास मंत्री से मिली विधायक सिद्धि कुमारी
विभिन्न मुद्दों पर की चर्चा
बीकानेर, 26 अक्टूबर। बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र विधायक सिद्धिकुमारी ने गुरूवार को जयपुर में गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया, सार्वजनिक निर्माण मंत्री यूनुस खान तथा नगरीय विकास मंत्री श्रीचंद कृपलानी से मुलाकात कर बीकानेर से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
गृहमंत्री से मुलाकात के दौरान सिद्धि कुमारी ने बीकानेर शहर में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरों तथा अभय कमांड सेंटर के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे लगनेे से अवांछित गतिविधियों पर प्रभावी नजर रहेगी। सार्वजनिक निर्माण मंत्री से मुलाकात के दौरान उन्होंने शहरी क्षेत्र की सड़कों का सर्वे करवाने तथा आवश्यकता के अनुरूप नवीनीकरण अथवा पेचवर्क करवाने के संबंध में चर्चा की।
यूआइटी अथवा नगर निगम को हैंडओवर हो हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी
विधायक सिद्धि कुमारी ने नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी से मुलाकात के दौरान हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी को यूआईटी अथवा नगर निगम को हैंडओवर करने के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह कॉलोनी नगर निगम अथवा यूआईटी को हैण्ड ओवर हो जाने से यहां आधारभूत सुविधाओं का विकास हो सकेगा तथा साफ-सफाई सहित अन्य सुविधाएं भी सुचारू हो जाएंगी। उन्होंने गांधी कॉलोनी, कैलाशपुरी, करणी नगर राजनगर, देवनगर, मयूर विहार, राजेन्द्र नगर, विराट स्कीम, हेतनगर, आरके पुरम तथा इंद्रप्रस्थ नगर सहित अन्य कॉलोनियों में सड़क एवं नाली निर्माण सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं के संबंध में चर्चा की तथा इनके शीघ्र निस्तारण का आग्रह किया।
—–
एमजेएसए से जल आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित
बीकानेर, 26 अक्टूबर। मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान ने रेगिस्तान में पानी की आत्मनिर्भरता के मामले में ग्रामीण क्षेत्रों को नया जीवन प्रदान किया है। अभियान के दूसरे चरण में कोलायत तहसील के ग्राम टोकला में बनाई गई रामभोली तलाई में मानसून गुजरने के कई माह बाद भी भरपूर मात्रा में पानी उपलब्ध है। इस तलाई से न केवल आसपास के लोगों की पेयजल समस्या का समाधान हुआ है बल्कि इसके जरिए पशुओं को भी राहत मिल रही है। इस तलाई से आज भी बड़ी संख्या में ग्रामीण पानी भरकर ले जाते हैं। इसी प्रकार नोखड़ा में भी बड़ा पाल तलाई में भरपूर मात्रा में पानी उपलब्ध होने से गांव की परिस्थितियां बदल रही हैं। इस तलाई के निर्माण पर 10 लाख रूपए की लागत आई।
अभियान के तीसरे चरण के तहत कोलायत के खाखूसर हदां, लम्बना मूलवान का चयन किया गया है। जिसके तहत डीपीआर कार्य शुरू कर दिया गया है। इन तीनों गांवों में 6 तालाबों का निर्माण व पुनरूोद्धार कार्य किया जा रहा है। गुरूवार को जलग्रहण के अधीक्षण अभियंता भागीरथ बिश्नोई ने इन क्षेत्रों का दौरा किया तथा ग्रामीणों से जल उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की पूर्ण भागीदारी से इन गांवों में वर्षा जल संरक्षण कर इन्हें जल आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।
—–
पंडित दीनदयाल उपाध्याय विशेष योग्यजन शिविरः नोखा में आयोजित हुआ निःशक्तता प्रमाणन शिविर
बीकानेर, 26 अक्टूबर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय विशेष योग्यजन शिविर के तहत गुरूवार को नोखा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द में द्वितीय चरण निःशक्तता प्रमाणन शिविर का आयोजन किया गया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एलडी पंवार ने बताया कि शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ पुरूषोतम शर्मा, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ हरफूल, नेत्ररोग विशेषज्ञ डॉ गुलाब खत्री, डॉ जीडी स्वामी, डॉ गिरधारी राम आदि ने निःशक्तता प्रमाणन का कार्य किया। शिविर का उद्घाटन नोखा पंचायत समिति के प्रधान कन्हैयालाल सियाग ने किया। सामाजिक सुरक्षा अधिकारी ज्योत्सना बारूपाल, सुरेन्द्र कुमार एवं विजय कुमार महला आदि मौजूद रहे।
शिविर में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम, महिला एवं बाल विकास विभाग, उरमूल संस्थान द्वारा सहयोग प्रदान किया गया। शिविर में 261 दिव्यांगों का पंजीयन किया गया तथा 110 दिव्यांगजनो के प्रमाणन की कार्यवाही की गई। इस श्रृंखला में नोखा में 9 व 28 नवंबर तथा 8 दिसम्बर को निःशक्ता प्रमाणन शिविर आयोजित होंगे। इस दौरान प्रथम चरण में पंजीकृत दिव्यांगजनों के निःशक्तता प्रमाणन का कार्य किया जाएगा।