जिला प्रशासन ने 1 नवंबर को होने वाली इंडिया अगेंस्ट करप्शन की रैली को इजाजत देने से इन्कार कर दिया है। रैली की अनुमति नहीं मिलने से गुस्साए इंडिया अगेंस्ट करप्शन के सदस्य सिटी मजिस्ट्रेट के आवास के बाहर पर धरने पर बैठ गए हैं। रैली में अरविंद केजरीवाल केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद के खिलाफ बड़ा खुलासा करने जा रहे थे।
आइएसी ने आवास विकास मैदान में 1 नवंबर को रैली करने के लिए अनुमति मांगी थी। रैली को अरविंद केजरीवाल द्वारा संबोधित किया जाएगा। रैली की अनुमति न मिलने से आक्रोशित आइएसी सदस्य लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट के आवास पर धरने पर बैठ गए हैं। उनका कहना है कि जब तक उन्हें केजरीवाल की सभा की अनुमति नहीं मिलेगी वह सिटी मजिस्ट्रेट के आवास पर धरना देते रहेंगे।
आइएसी के उत्तरप्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सलमान खुर्शीद को बचाना चाहते हैं। अगर वह ऐसा नहीं कर रहे तो जनता को बताएं कि खुर्शीद के खिलाफ जो प्रदेश सरकार ने जाच की है, उसमें उन्हें क्या मिला है।
उन्होंने कहा कि आईएसी की तरफ से सीएम अखिलेश को पत्र भेजा जा रहा है कि आखिर कौन से कारण थे, जो पहले रैली के लिए अनुमति दी गई, फिर अचानक परमीशन वापस ले ली गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चाहे लाठी चलाए या गोली, फर्रुखाबाद में तो रैली होकर रहेगी। उन्होंने कहा कि रैली के दौरान अरविंद केजरीवाल एक बड़ा खुलासा करने जा रहे हैं इसीलिए उन्हें रोकने का प्रयास किया जा रहा है।