बीकानेर, 18 नवंबर। केन्द्रीय जल संसाधन, नदी विकास, गंगा पुनरोद्धार एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्रा अर्जुनराम मेघवाल ने शनिवार को कार्यकारी एजेंसी एवं सरदार पटेल महाविद्यालय प्रशासन के साथ निर्माणाधीन सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक की प्रगति समीक्षा की। उन्होंने 15 फरवरी तक इसका निर्माण पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की प्रधानमंत्रा स्वास्थ्य सुरक्षा योजनांतर्गत 150 करोड़ रूपये की लागत से बन रहे सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली तथा कहा कि लेबर एवं शिफ्ट बढ़ाते हुए कार्य 15 फरवरी तक पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के सिविल कार्यों के साथ सभी आवश्यक मशीनें एवं उपकरण उपलब्ध करवाने का कार्य भी निर्धारित अवधि तक पूर्ण किया जाए। कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि ने बताया कि ब्लॉक के निर्माण के लिए 30 करोड़ रूपये राज्य मद से प्राप्त होने हैं। इस संबंध में उन्होंने चिकित्सा शिक्षा विभाग के शासन सचिव से मोबाइल फोन से बात की और इस संबंध मे तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. आर.पी. अग्रवाल, डॉ. एलए गौरी, डॉ. रंजन माथुर, पीबीएम अधीक्षक डॉ. पीके बैरवाल, डॉ. जीएल मीणा, डॉ. केके वर्मा, डॉ. दिनेश सोढी, डॉ. जितेन्द्र फलोदिया, डॉ. सुशील फलोदिया, डॉ. जितेन्द्र आचार्य एवं डॉ. राजीव पुरोहित आदि मौजूद थे।
वेटिंग हॉल का किया लोकार्पण
श्री मेघवाल ने शनिवार को पीबीएम अस्पताल परिसर में रेडिया डायग्नोसिस विभाग के वेटिंग हॉल का लोकार्पण किया। सांसद निधि द्वारा इसके निर्माण पर 28 लाख रूपये व्यय किए गए हैं। उन्होंने विभाग की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
एरडिकेशन ऑफ टीबी बाई-2025 का शुभारम्भ
केन्द्रीय जल संसाधन राज्यमंत्रा ने मेडिकल कॉलेज सभागार में ‘एरडिकेशन ऑफ टीबी बाई-2025’ अभियान का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की मंशा है कि वर्ष 2025 तक टीबी को समाप्त किया जाए। इसके लिए यह अभियान प्रारम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में भी इस अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन हो। उन्होंने टीबी के एक मरीज को अपने हाथों से दवाई देकर अभियान की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने टर्सरी केयर सेंटर के लिए सात करोड़ रूपये शीघ्र ही स्वीकृत करवाने का भरोसा दिलाया। मेडिकल छात्रों के लिए जिम एवं योगा सेंटर बनवाने संबंधी प्रस्ताव केन्द्र सरकार के माध्यम से स्वीकृत करवाने की बात कही।
महापौर नारायण चौपड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्रा द्वारा राज्य में पांच नए मेडिकल कॉलेज खोलने का निर्णय लिया गया। यह चिकित्सा के क्षेत्रा में मील का पत्थर साबित होगा। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. आरपी अग्रवाल ने पीजी विद्यार्थियों के लिए अलग छात्रावास, स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स तथा फ्लोरेंस नाइटेंगल प्रेक्षागृह के निर्माण सहित विभिन्न मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि टर्सरी केयर का निर्माण प्रगतिरत है। डॉ. गुंजन सोनी ने कहा कि टीबी तथा इस कारण होने वाली मौतों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ‘एरडिकेशन ऑफ टीबी बाई-2025’ अभियान प्रारम्भ किया गया है। इस अभियान के तहत मरीजों के वजन के आधार पर प्रतिदिन दवाई दी जाएगी।
डॉ. सोनी ने बताया कि यह भारत सरकार की अच्छी पहल है। इस अभियान के तहत टीबी के मरीज को प्रतिदिन सात की बजाय 2 से 5 गोलियां दी जाएंगी। अभियान के तहत रोगी का उपचार विश्व की आधुनिकतम पद्धति सीबीएनएएटी द्वारा बलगम की जांच कर किया जाएगा। राजस्थान नर्सेज एसोशिएसन के अध्यक्ष मदनलाल राव ने कहा कि संविदा नर्सेज के नियमितीकरण तथा महिला नर्सिंग कार्मिकों के शिशुओं की देखभाल के लिए शिशुपालना गृह बनवाने की मांग की। पीबीएम अधीक्षक डॉ. पीके बैरवाल ने आभार जताया।
गंगाशहर अस्पताल को शीघ्र मिलेगी एम्बूलेंस
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी मोहन सुराणा ने गंगाशहर अस्पताल में एम्बूलेंस उपलब्ध करवाने की मांग की। इस संबंध में श्री मेघवाल ने मेडिकल कॉलेज प्राचार्य को कहा कि गंगाशहर का अस्पताल भी अब पीबीएम से सम्बद्ध हो गया है। वहां किसी प्रकार की कमी नहीं रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि इससे संबंधित सभी औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए अतिशीघ्र गंगाशहर अस्पताल को एम्बूलेंस उपलब्ध करवाई जाए।
– मोहन थानवी