फ़िरोज़ खान
बारां 9 जनवरी । खांकरा ग्राम पंचायत के गांव सुंडा में रह रहे बंधुआ मजदूरी मुक्त हुए करीब 60-70 सहरिया परिवारो के लिए अभी तक भी पेयजल का स्थाई समाधान नही हुआ है । रामस्वरूप सहरिया व बाबूलाल सहरिया ने बताया कि इस गांव में पानी नही होने के कारण गणेशपुरा ट्यूबवेल से पाइप लाइन डालकर पानी उपलब्ध कराने की मांग लम्बे समय से चल रही है । जिसको अभी तक भी पूरा नही किया गया है । क्योंकि गांव में लगे हेण्डपम्प व ट्यूबवेल का भू जलस्तर नीचे होने के कारण इस गांव में हमेशा पीने के पानी की किल्लत बनी रहती है । इसको लेकर पाइप लाइन डालने का प्रस्ताव है । उसके बाद भी इस पाइप लाइन का काम अभी तक भी शुरू नही किया जा सका है । इसको लेकर ग्रामवासियो ने कई बार उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है । ग्रामवासियो ने बताया कि अभी ग्राम पंचायत की और से एक टेंकर से पीने का पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है । गर्मी के मौसम में कम से कम दो टेंकर की आवश्यकता होती है । उससे भी पूर्ति नही हो पाती है । इस सम्बंध में अतिरिक्त जिला कलक्टर सहरिया परियोजना हनुमान सिंह गुज़र ने बताया कि इस मामले को दिखवाता हूँ । और जल्द ही लोगो को पेयजल उपलब्ध करवाया जावेगा । वही पंचायत के सेकेट्री रामलखन सहरिया ने बताया कि बजट के अभाव में पाइप लाइन का काम रुका हुआ है । जैसे पंचायत समिति से बजट आएगा काम चालू कर दिया जावेगा ।