बीकानेर, 10 मई। गेस्ट्राॅलोजिस्ट डाॅ. आशीष जोशी का स्थानांतरण रद्द करवाने के लिए मारवाड़ जन सेवा समिति ने मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे को पत्र लिखा है। समिति के अध्यक्ष रमेश व्यास ने बताया कि बीकानेर में डाॅ. जोशी की सेवाएं सराहनीय रही हैं। डाॅ. जोशी द्वारा गरीब और जरूरतमंद लोगों का निःशुल्क इलाज किया जाता रहा है। इससे आमजन में चिकित्सा व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ा है तथा अनेक जटिल बीमारियों का इलाज संभव हो पाया है। इनके स्थानांतरण से अनेक स्थानीय मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में राज्य सरकार द्वारा किया गया स्थानांतरण निरस्त किया जाए तो बीकानेर को स्तरीय चिकित्सक की सेवाएं निर्बाध रूप से मिलती रहेगी। उन्होंने बताया कि वे इस संबंध में स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी आग्रह करेंगे।