हैप्पीनैस इंडेक्स में सम्मानजनक होगा भारत का स्थान & केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल
बीकानेर@नई दिल्ली । हैप्पीनैस इंडेक्स में हमारे भारत का स्थान सम्मानजनक होगा, यह तय है क्योंकि हमारे देश में सुदूर ग्रामीण अंचलों में भी अर्धशताब्दी से अधिक समय दाम्पत्य जीवन जीने वालों को यहां सम्मानित किया गया है, जिसे दुनिया ने देखा। यह कहा केंद्रीय जल संसाधन नदी विकास गंगा संरक्षण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने और अवसर था नई दिल्ली के द कंस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित समारोह का। समारोह में बीकानेर संसदीय क्षेत्रसमेत देशभर से सर्वसमाज एवं सर्ववर्ग के ऐसे 50 जोड़ों का सम्मान किया गया जिन्होंने अपने दाम्पत्य जीवन के सुखी 50 से अधिक वर्ष सीमावृति थार में गुजारे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने अपनी लिखी पुस्तक एक सफर हमसफर के साथ अपनी जीवनसंगिनी पानादेवी ( नाल ) को भेंट की। प्रवक्ता एडवोकेट अशोक भाटी ने बताया कि दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में मौजूद सभी विवाहित जोड़ों के वैवाहिक जीवन के अनुभव से हैप्पीनेस को बढ़ाने से संबंधित अनुभव के आधार पर एक और भी किताब लिखी जाएगी। आयोजन में एमपी के आनंद मंत्रालय के ध्येय सुखी श्रेष्ठ दाम्पत्य जीवन को सराहते हुए मंत्री मेघवाल ने कहा कि सामाजिक विज्ञान रचयिता हमारा देश भारत सदैव शांति, अहिंसा एवं एकता में विश्वास रखता रहा है। पति-पत्नी का परस्पर सहयोगी व्यवहार उन दोनों की प्रगति को गति तो देता ही है साथ ही इससे पूरा कुटुम्ब, समाज लाभान्वित होता है। इसकी स्पष्ट छवि हमारे पारिवारिक-सामाजिक जीवन में दिखाई देती है। आनंद मंत्रालय भी इस ओर सार्थक कार्य कर लोगों को वेहतर दाम्पत्य जीवन जीने के लाभ बताता है। हमारी सांस्कृतिक-सामाजिक धरोहर ऐसा ही संदेश समाज को देती हैं। यही कारण है कि आज भी समाज और देश को सुखी और बेहतर वैवाहिक व सामाजिक जीवन जीकर आनेवाली पीढ़ी को प्रेरणा देने वाले जोड़े बड़ी संख्या में सुदूर ग्रामीण एवं सीमावृत्ति क्षेत्रों में भी जीवन में बहार बनाए रखने का संदेश दे रहे हैं। इससे पूर्व समारोह में अतिथितियों ने मंत्री मेघवाल की लिखी पुस्तक एक सफर हमसफर के साथ का लोकार्पण किया एवं विवाह की 50 वीं वर्षगांठ गोल्डन जुबली पर श्री अर्जुनराम मेघवाल एवं श्रीमती पानादेवी नाल सहित बीकानेर संसदीय क्षेत्र के आठों विधानसभा से समारोह में पहुंचे हर जाति@वर्ग@सम्प्रदाय@पंथ@धर्म के उन जोड़ों को सम्मानित किया जो अपने विवाह की 50वीं वर्षगांठ मना चुके हैं। समारोह में एमपी] दिल्ली] उत्तराखंड] यूपी] हिमाचल प्रदेश] गुजरात] आंध्र प्रदेश] आसाम] बिहार] तेलंगाना] जम्मू कश्मीर] उड़ीसा के पूर्व न्यायाधीश] पूर्व ब्यूरोक्रेट] रंगकर्मी] साहित्यकार] सेना के पूर्व अधिकारियों आदि ने गोल्डन जुबली दाम्पत्य जीवन जीने वाले जोड़ों सहित मंत्री मेघवाल एवं उनकी पत्नी पानादेवी को शुभ कामनाएं प्रदान की।
एक बुक और बीकानेर में – परित्याग न तलाक, मुस्कुराओ
लोकार्पित पुस्तक देशभर के सभी फैमिली कोर्ट विश्वविद्यालयों तथा ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट में भी भेजी जाएगी ताकि वर्तमान की जीवनशैली में हैप्पीनेस इंडेक्स किस तरीके से बढ़ाया जाए इस विषय पर एक बड़े स्तर पर जागृति फैलाई जा सके। कार्यक्रम में मिले हैप्पीनेस बढ़ाने से रिलेटेड सुझावों पर आधारित एक अन्य पुस्तक का विमोचन बीकानेर में ही किया जाएगा तथा यह किताब 1 महीने के अंदर पब्लिश की जाएगी।
समारोह में एमपी सहित विभिन्न संस्थाओं, निकायों के अधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों संस्थानों के प्रतिनिधि वक्ताओं ने सुखी दाम्पत्य जीवन जीने के लिए मिलजुलकर रहने के अलावा एक दूसरे का त्याग नहीं करने तथा तलाक जैसी पारिवारिक-अलगाववादी विचारधारा से दूर रहने का संदेश दिया। वक्ताओं का कहना था कि दीर्घ दाम्पत्य जीवन जीने वाले ऐसे वरिष्ठ दंपतियों के अनुभव पुस्तक रूप में संग्रहित कर युवाओं तक पहुंचाने चाहिए जिससे हमारे सांस्कृतिक सामाजिक जीवन में एक परिवार, कुटुम्ब की महत्ता के साथ साथ बेहतर वैवाहिक जीवन आनंद प्राप्ति के मंत्र नवदंपतियों के जीवन में मुस्कान बनाए रख सकें।
भारत को 123 से नंबर वन का दर्जा दिलाना हमारा दायित्व
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने चिंता जताई कि हैप्पीनैस इंडेक्स की सूची में शामिल 262 देशों में से हमारे भारत का स्थान 123 वां ही है। जबकि हम विश्व को सुखी सामाजिक एवं वैवाहिक जीवन जीवने की सीख सदियों से देते आ रहे हैं। आज आवश्यकता है हमारे ऐसे आदर्श वरिष्ठ नागरिक जोड़ों को उदाहरण बनाकर समाज के सामने लाने की जिन्होंने अर्ध शताब्दी से भी अधिक समय तक अपने जीवन के बसंत हमसफर के साथ कदम से कदम मिलाते हुए गुजारे हैं। अपने आसपास देखेंगे तो आपको ऐसे जोड़े बड़ी संख्या में मुस्कुराते हुए दिख जाएंगे जो आने वाली पीढ़ी की प्रेरणा तो हैं ही, विश्व में हमारे भारत को हैप्पीनैस इंडेक्स की सूची में नंबर वन दिलाने वाले भी ऐसे ही जोड़े बनेंगे। मेघवाल ने अपनी लिखी पुस्तक एक सफर हमसफर के साथ में से अपने दाम्पत्य जीवन के सुखद अनुभवों को भी साझा किया एवं पति के अलावा पत्नी की भूमिका को महत्वपूर्ण ढंग से रेखांकित करते हुए कहा कि यही वह कुंजी है जो हैप्पीनैस इंडेक्स की अवधारणा को स्थानीय पारिवारिक परिप्रेक्ष्य की कसौटी पर दाम्पत्य जीवन को खरा सिद्ध करती है।
प्रवक्ता एडवोकेट अशोक भाटी ने बताया कि केंद्रीय जल संसाधन नदी विकास गंगा संरक्षण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शादी की 50वीं सालगिरह के अवसर पर एक अभिनव प्रयोग करते हुए कार्यक्रम आयोजित किया।
— मोहन थानवी