अजमेर, 28 मई। जिला कलक्टर आरती डोगरा ने बैंकर्स द्वारा राष्ट्रीय योजनाओं में ऋण स्वीकृति के कार्य में शिथिलता को काफी गंभीरता से लिया है। उन्होंने बैंकर्स को चेताया कि वे राष्ट्रीय योजनाओं एवं प्रधानमंत्री की फ्लेगशिप योजनाओं में पात्र व्यक्तियों को समय पर लाभ नहीं दिला पाये तो उनके विरूद्ध भारतीय रिजर्व बैंक को लिखा जायेगा।
जिला कलक्टर सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति (डीएलसीसी) की बैठक की अध्यक्षता कर रही थी। उन्होंने बैंकर्स से कहा कि वे विभिन्न योजनाओं में लक्ष्यानुरूप आवेदन पत्र प्राप्त करें तथा उन्हें समय रहते स्वीकृत करें, जो आवेदन पत्र स्वीकृति योग्य नहीं है उन्हें कारण सहित अस्वीकृत कर दें। प्रार्थी को अनावश्यक विलम्ब करना उचित नहीं है। उन्होंने कादेड़ा एवं पीसांगन एसबीआई शाखा द्वारा ऋण आवेदन पत्र पर कोई कार्यवाही नहीं किये जाने को काफी गंभीरता से लिया। उन्होंने बताया कि समस्त योजनाओं के इस वर्ष के लक्ष्य प्राप्त हो गये है, जो संबंधित बैंकर्स को वितरित कर दिये जायेंगे।
जिला कलक्टर ने कहा कि निःशक्त जनों को विभिन्न योजनाओं में बैंकर्स तत्काल लाभ प्रदान करें। यह एक सामाजिक दायित्व भी है। बैंकर्स यथासंभव उनकी मदद करें। संबंधित विभाग उनके आवेदन पत्र तैयार कर भिजवायेगा। उन्होंने अनुजा निगम के परियोजना प्रबंधक को भी निर्देशित किया कि वे अनुजा निगम की विभिन्न योजनाओं में लक्ष्य से अधिक आवेदन पत्र तैयार करवा कर बैंकों को भिजवावें। इसी प्रकार अन्य प्रायोजित योजनाओं में भी अगस्त माह तक लक्ष्यानुरूप समस्त आवेदन बैंकर्स को भिजवा दी जायें।
उन्होंने मुद्रा योजना का व्यापक प्रचार प्रसार करने पर जोर दिया तथा योजना में अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड बनाने का कार्य विभिन्न बैंक शाखाओं में भी किया जाने लगा है। बैंकर्स जिन शाखाओं में यह आधार कार्ड बनाये जा रहे है, उन्हें प्रचारित करें ताकि लोगों को इसकी जानकारी हो सकें। जिला कलक्टर ने जिले के किशनगढ़ क्षेत्र क गांव गुड्डा एवं मसूदा क्षेत्र के रूपायली खुर्द में पांच किलोमीटर के दायरे में कोई बैंक नहीं होने से बैंकिग समन्वयक को लगाये जाने केे लिए भी कहा।
बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि श्री ओ.पी. कविया ने सभी बैंकर्स को निर्देशित किया कि इस बैंठक में बैंक के नियंत्रक आवश्यक रूप से उपस्थित रहे। इस वर्ष की बैठकों का कार्यक्रम तय कर दिया गया है, उसी अनुरूप बैठक में उपस्थित हो। उन्होंने सभी बैंकर्स को निर्देश दिये कि दस रूपये के सिक्के लेने से कोई मना नहीं करें। सिक्के आवश्यक रूप से स्वीकार किये जाये। उन्होंने सीडी अनुपात बढाये जाने पर भी जोर दिया।
बैंठक में जिला कलक्टर ने लीड बैंक द्वारा प्रकाशित वार्षिक साख योजना की पुस्तिका तथा बडौदा स्वरोजगार विकास संस्थान के वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन पुस्तिका का विमोचन भी किया। अग्रणी बैंक जिला प्रबंधक श्री आर.पी. अग्रवाल ने विभिन्न योजनाओं में हुई प्रगति की जानकारी दी।
इस मौके पर नाबार्ड के एजीएम श्री बी.बी. खरबंदा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री भगवतसिंह, जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री सी.बी. नवल सहित समस्त बैंकर्स एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।
आसाम मीडिया के प्रतिनिधि मण्डल ने जिला कलक्टर से की भेंट
अजमेर, 28 मई। आसाम मीडिया का 23 सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल सोमवार को जयपुर से अजमेर पहुंचा। दल के सदस्यों ने जिला कलक्टर आरती डोगरा से शिष्टाचार भेंट की।
मीडिया प्रतिनिधि मण्डल के अजमेर कलेक्ट्रेट में पहुंचने पर जिला कलक्टर ने दल के सदस्यों का स्वागत किया तथा धार्मिक नगरी अजमेर की पृष्ठभूमि से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि एक राज्य के प्रतिनिधि मण्डल द्वारा दूसरे राज्य का भ्रमण करने से दोनों राज्यों की संस्कृति से रूबरू हुआ जा सकता है।
मीडिया प्रतिनिधि दल प्रभारी श्री जाहिद अहमद ने बताया कि आसाम सरकार द्वारा राजस्थान की कला एवं संस्कृति से रूबरू होने, विशिष्टजनों से मुलाकात, एतिहासिक एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण तथा यहां हो रहे विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं को जानने के लिए यह भ्रमण रखा गया हैं। आसाम सरकार द्वारा प्रतिवर्ष इस प्रकार के भ्रमण कार्यक्रम रखे जाते है। इस बार महिला पत्रकारों को भी इसमें शामिल किया गया है। उन्होंने इस भ्रमण के लिए राजस्थान सरकार का भी आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधि मण्डल ने आसाम सरकार की ओर से जिला कलक्टर को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन श्री कैलाश चंद शर्मा तथा सूचना जनसम्पर्क विभाग के उप निदेशक श्री महेश चन्द्र शर्मा भी उपस्थित थे।
धार्मिक स्थलों का किया अवलोकन
मीडिया प्रतिनिधि दल ने सोमवार को अजमेर के विश्व प्रसिद्ध ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में जियारत की वहीं नारेली स्थित जैन मन्दिर का भी अवलोकन किया। उन्होंने नई चौपाटी से आनासागर झील को देखा तत्पश्चात व पुष्कर गए। जहां पुष्कर सरोवर के पश्चात जगत पिता ब्रह्मा जी के दर्शन किए। दल के सदस्य सांय जयपुर के लिए प्रस्थान कर गए।
शत प्रतिशत भामाशाह कार्डों की करें सिडिंग-जिला कलक्टर
अजमेर, 28 मई। जिला कलक्टर आरती डोगरा ने सोमवार को विभिन्न विभागों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में शत प्रतिशत भामाशाह कार्डों की सिडिंग करने के निर्देश प्रदान किए।
जिला कलक्टर ने जिला भामाशाह अधिकारी श्रीमती पुष्पा सिंह को निर्देशित किया कि राजस्व लोक अदालत अभियान न्याय आपके द्वार शिविर के दौरान संबंधित ग्राम पंचायत के शत प्रतिशत भामाशाह कार्डों की सिडिंग एवं वितरण सुनिश्चित किया जाए। पालनहार योजना के पात्र बच्चों के भामाशाह कार्ड एवं आधार कार्ड शिविर से पहले ही प्री कैम्प गतिविधि के दौरान बनाए जाए।
उन्होंने कहा कि राजश्री तथा जननी सुरक्षा योजना के समस्त बकाया भुगतान को बुधवार को ऑनलाइन करके निस्तारित किया जाए। बिजली एवं पानी से संबंधित संपंर्क पोर्टल पर तथा कंट्रोल रुम पर दर्ज शिकायतों के निराकरण के पश्चात प्रार्थी से फोन पर संपर्क करके संतुष्टि स्तर का पता लगाया जाना आवश्यक है। संपर्क पोर्टल पर एक माह से पुराने दर्ज प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निस्तारित किया जाए। गर्मी के दौरान आमजन को राहत पहुंचाने के लिए विद्युत विभाग द्वारा प्रातः दस बजे से सांय तक कोई कटौती नहीं की जाएगी। आवश्यक मरम्मत कार्य रात्रि को एवं प्रातः दस बजें तक सम्पन किया जाए।
जिला कलक्टर डोगरा ने कहा कि पशुपालन विभाग किशनगढ में नन्दी शाला की स्थापना के संबंध में विस्तृत प्रस्ताव तैयार करें। पशुपालन विभाग के माध्यम सें फसल बीमा योजना की सफल क्रियान्विति की जानी चाहिए। बीमा एजेंट को प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर फसल बीमा किया जाना आवश्यक है।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाशचन्द शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अरूण गर्ग सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
जिला स्तरीय क्राईसिस मैनेजमेंट गु्रप की बैठक आयोजित
अजमेर, 28 मई। अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाशचन्द शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय क्राईसिस मैनेजमेंट गु्रप की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। इसमें वनों में लगने वाली आग की रोकथाम तथा उसे न्यूनतम हानि पर चर्चा की गई।
श्री शर्मा ने कहा कि जिला स्तरीय क्राईसिस मैनेजमेंट गु्रप की बैठक में दावानल को रोकने के लिए फायर फायटिंग का प्रशिक्षण देने पर सहमति जताई गई। यह प्रशिक्षण जून के प्रथम सप्ताह में आयोजित होगा। गर्मी के दौरान वनों में आग लगने की संभावना रहती है ऎसी स्थति में सभी विभागों को आपसी समन्वय सें काम करना चाहिए। पुलिस को सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था संभालनी चाहिए। दावानल के समय प्राथमिकता जंगली जीव जंतुओं को राहत पहुंचाना तथा बस्तियों तक आग पहुंचने से रोकना होना चाहिए। वनों में फायर लाइन मैनेजमेंट सिस्टम डीएमएफटी के माध्यम सें करवाये जाने के लिए प्रस्ताव तैयार किये जाएंगे।
इस अवसर पर उप वन संरक्षक श्री अजय चितौड़ा अग्निशमन अधिकारी श्री हबीब खान उपस्थित थे।
रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त
अजमेर, 28 मई। जिला नगर पालिका निर्वाचन अधिकारी आरती डोगरा ने एक आदेश जारी कर नगर पालिका पुष्कर के वार्ड संख्या 16 का उप चुनाव 2018 सम्पन्न कराने एवं तत्संबंधी समस्त प्रक्रिया के संचालन के लिए रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए हैं। आदेश के तहत उपखण्ड मजिस्ट्रेट पुष्कर रिटर्निंग ऑफिसर होंगे। जबकि तहसीलदार पुष्कर सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किए है।
एक अन्य आदेश के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) आरती डोगरा ने श्रीनगर के पंचायत समिति सदस्य क्षेत्र संख्या 25 के रिक्त स्थान पर उप चुनाव सम्पन्न कराने के लिए नसीराबाद के उपखण्ड मजिस्ट्रेट को रिटर्निंग अधिकारी तथा तहसीलदार को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया है।
सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना
17 लाख के 6 कार्य स्वीकृत
अजमेर, 28 मई। सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजनान्तर्गत सांसद श्री भूपेन्द्र यादव की अनुशंषा पर जिले में 6 विकास कार्यों के लिए 17 लाख रूपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। ग्राम कणोज के ग्राम काबरिया में प्रहलाद जाट के मकान से पांचू भील के मकान तक सीसी सड़क मय नाली निर्माण कार्य के लिए 3 लाख रूपए, ग्राम पंचायत कणोज के ग्राम देवरियाखुर्द में सांवरा बैरवा के मकान से अमरचंद जाट के मकान तक सीसी सड़क मय नाली निर्माण के लिए 3 लाख रूपए, ग्राम कणोज के ग्राम देवरियाखुर्द में महादेव कुमावत के मकान से गोपाल कुमावत के मकान तक सीसी सड़क मय नाली निर्माण के लिए 2 लाख रूपए, ग्राम कणोज में कजोड़ मीणा के मकान से मुख्य सड़क तक सीसी रोड मय नाली निर्माण के लिए एक लाख 50 हजार रूपए, ग्राम कणोज में गढ़ दरवाजे से पंचायत भवन तक सीसी सड़क मय नाली निर्माण के कार्य के लिए 4 लाख 50 हजार तथा ग्राम खरेखड़ी पंचायत समिति श्रीनगर में तेजा जी के मन्दिर के पास प्याउ व चबूतरा निर्माण के कार्य के लिए 3 लाख रूपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।
सतर्कता समिति की बैठक 14 को
अजमेर, 28 मई। जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक आगामी 14 जून को प्रातः 11 बजे जिला कलक्टर आरती डोगरा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित अटल सेवा केन्द्र पर आयोजित की जाएगी। अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चंद शर्मा ने यह जानकारी दी।
नगर पालिका पुष्कर
वार्ड संख्या 16 के निर्वाचन का लोक नोटिस जारी
अजमेर, 28 मई। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार पुष्कर के नगर पालिका वार्ड संख्या 16 के उप चुनाव के लिए निर्वाचन का लोक नोटिस सोमवार को जारी किया गया।
निर्वाचन के रिटर्निंग ऑफिसर (एसडीएम) पुष्कर ने बताया कि लोक नोटिस रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय, सहायक रिटर्निंग अधिकारी (तहसीलदार) पुष्कर, नगर पालिका पुष्कर, थानाधिकारी थाना पुष्कर के नोटिस बोर्ड तथा बूथ नम्बर 16 में सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किया गया है।
राजस्व लोक अदालत अभियान ः न्याय आपके द्वार 2018
मंगलवार को यहां आयोजित होंगे शिविर
अजमेर, 28 मई। राजस्व लोक अदालत अभियान के तहत कल 29 मई को जिले में विभिन्न स्थानों पर न्याय आपके द्वार शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिला कलक्टर आरती डोगरा ने बताया कि मंगलवार 29 मई को अजमेर के माकड़वाली में, ब्यावर के लोटियाना में, किशनगढ़ के रलावता में, मसूदा के जालिया द्वितीय में, सरवाड़ के सूंपा में, भिनाय के राताकोट में तथा रूपनगढ़ के नुवां में शिविर आयोजित होंगे।