दीपावली पर भाजपा नेताओं ने चुनिंदा क्षेत्रों में कराई सजावट

शहर के कई इलाके अंधेरे में डूबे रहे—शैलेश गुप्ता

पुरानी चौपाटी पर लाखों दीपक जलाने के दावे की भी खुली पोल, कार्यक्रम में जनभागीदारी के अभाव पर उठाए सवाल

अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने दीपावली के अवसर पर भाजपा नेताओं पर झूठे प्रचार और हवाई दावे करने का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में दीपावली की सजावट और रोशनी के नाम पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया गया। मेयर एवं विधानसभा अध्यक्ष के वार्ड तथा उनके आसपास के क्षेत्रों में केसरिया गेट और आकर्षक लाइटिंग करवाई गई, जबकि शहर के अनेक इलाके दीपावली के दिन भी अंधेरे में डूबे रहे।

गुप्ता ने कहा कि पुरानी चौपाटी, बजरंगगढ़ घाटी से लेकर पूरे वैशाली नगर क्षेत्र में नगर निगम की ओर से न तो स्वागत द्वार लगाए गए और न ही सड़कों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई। रोडवेज बस स्टैंड के आसपास भी अनेक स्थानों पर सजावट और लाइटिंग का अभाव साफ दिखाई दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अजमेर शहर के विकास और उत्सव की रोशनी केवल कुछ चुनिंदा वार्डों तक ही सीमित रह गई है?

शैलेश गुप्ता ने पुरानी चौपाटी पर लाखों दीपक जलाने के दावे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मौके पर वास्तविक स्थिति देखने पर लाखों दीपक जलने जैसी स्थिति नजर नहीं आई। उन्होंने आरोप लगाया कि दीपदान कार्यक्रम में मनरेगा में कार्य करने वाली महिला श्रमिकों को लाया गया था। वहां मौजूद महिलाओं का कहना था कि उन्हें कार्यक्रम में लाया गया है और खाने का समय हो रहा है, लेकिन उन्हें भोजन तक नसीब नहीं हुआ।

गुप्ता ने कहा कि यदि भाजपा इस आयोजन को वास्तव में जनता का उत्सव बनाना चाहती तो शहरवासियों की भागीदारी सुनिश्चित करती और आमजन को इस कार्यक्रम से जोड़ती। जनता की सहभागिता से यह आयोजन और अधिक भव्य एवं सार्थक बन सकता था।

उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के पैसे से आयोजित कार्यक्रमों में केवल प्रचार और दिखावे पर ध्यान दिया जा रहा है, जबकि शहर की मूलभूत सुविधाओं और सभी क्षेत्रों में समान व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी से अधिकारी और जनप्रतिनिधि बचते नजर आ रहे हैं।

शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!