महाराष्ट्र में गन्ना किसानों के आंदोलन को अन्ना और अरविंद का समर्थन

महाराष्ट्र में गन्ने के समर्थन मूल्य को लेकर किसानों का आंदोलन बुधवार को उग्र हो गया। गुस्साए किसानों ने कई जगहों पर पथराव किया और पुलिस की एक गाड़ी को आग के हवाले कर दिया है। सागली जनपद में सोमवार को हुई गोलीबारी में एक किसान की मौत के बाद शिवसेना ने भी इसके विरोध में पश्चिम महाराष्ट्र में बंद का आह्वान कर रखा है। इस बीच, अन्ना हजारे और अरविंद केजरीवाल ने किसानों के आंदोलन का समर्थन किया है।

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया है कि वह पुलिस की फायरिंग में मारे गए किसानों के परिवार से मिलने जाएंगे। उन्होंने सरकार से सवाल पूछे हैं कि महाराष्ट्र में एनसीपी, बीजेपी और कांग्रेस नेताओं की कितनी शुगर मिलें हैं। इन आंकड़ों से पता चल जाएगा कि क्यों सरकार किसानों को गन्ने की ऊंची कीमत न देकर शुगर मिल मालिकों का साथ दे रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोल्हापुर में गुस्साए गन्ना किसानों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस पर पथराव किया और उनकी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। वहीं, सागली में किसानों ने हाइवे को जाम कर दिया है। तनाव को देखते हुए राज्य परिवहन की सेवाओं को बंद कर दिया गया है।

पश्चिम महाराष्ट्र स्थित सागली जनपद गन्ना किसानों का गढ़ माना जाता है। इस क्षेत्र में सासद राजू शेंट्टी के नेतृत्व में गन्ने की ऊंची कीमत पाने के लिए किसान आदोलनरत हैं। उधर, जेल में बंद राजू शेट्टी से मिलने के लिए बुधवार को अरविंद केजरीवाल भी जाने वाले थे, लेकिन उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन की तरफ से उन्हें शेट्टी से मिलने की इजाजत नहीं दी गई। बाद में उन्होंने साफ किया कि वह आज दोबारा शेट्टी से मिलने की औपचारिक इजाजत मागेंगे। अरविंद केजरीवाल ने शेट्टी का समर्थन करते हुए कहा है कि वह एक अच्छे नेता हैं और किसानों के हर के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं।

पुलिस ने चंद्रकांत पर चलाई थी पांच गोलियां

सोमवार को पुलिस की फायरिंग में मारे गए वसगाडे गांव के किसान चंद्रकांत नलावड़े के दोस्तों ने दावा किया है, पुलिस ने उस पर पांच फायर किए थे। उन्होंने कहा कि चंद्रकांत आंदोलन में शामिल नहीं था, वह तो गलत समय पर गलत जगह पहुंच गया था। उन्होंने दावे से कहा कि चंद्रकांत उस समय एक अंतिम संस्कार में भाग लेकर लौट रहा था। उसने भीड़ को देखा और कौतुहल वश वहां पर पहुंच गया और पुलिस की गोली का शिकार हो गया।

error: Content is protected !!