दिवाली पर भी गायब रही बाजार से रौनक

दीपावली पर दलाल स्ट्रीट में हुआ मुहुर्त कारोबार निवेशकों में कोई उम्मीद नहीं जगा पाया। संवत 2069 के पहले दिन मंगलवार की शाम आयोजित सवा घंटे के विशेष सत्र में मुनाफावसूली का बोलबाला रहा। इसकी वजह से बाजार में तीन सत्रों से जारी गिरावट बरकरार रही। इस दिन बंबई शेयर बाजार [बीएसई] का सेंसेक्स 51.47 अंक फिसलकर डेढ़ हफ्ते के निचले स्तर 18618.87 पर बंद हुआ। इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज [एनएसई] का निफ्टी भी 16.75 अंक टूटकर 5666.95 पर बंद हुआ।

कारोबारियों के बीच दिवाली को नए संवत की शुरुआत माना जाता है। इसी उपलक्ष में मंगलवार को बीएसई और एनएसई में 3.45 से 5.00 बजे शाम तक सवा घंटे का मुहूर्त कारोबार आयोजित किया गया था। इस संक्षिप्त कारोबार में आइटी, रीयल्टी और बैंकिंग के शेयर मुनाफावसूली के सबसे ज्यादा शिकार बने। रिफाइनरी और एफएमसीजी कंपनियों के शेयरों में थोड़ी-बहुत लिवाली देखने को मिली।

सेंसेक्स छू सकता है 24000 अंक का आंकड़ा

नई दिल्ली। भले ही मुहूर्त कारोबार में बाजार लुढ़का है, मगर विश्लेषकों को उम्मीद है कि सेंसेक्स अगली दिवाली तक 22,000 से 24000 अंक का आंकड़ा छू सकता है। फिलहाल सेंसेक्स 21206.77 अंक के अपने रिकॉर्ड ऊंचे स्तर से ढाई हजार अंक नीचे है।

इन विशेषज्ञों का मानना है कि बाजार अभी तेजड़िया दौर में है। बीते संवत 2068 के दौरान विदेशी संस्थागत निवेशक [एफआइआइ] बाजार के सबसे बड़े मददगार साबित हुए हैं। इनकी बदौलत ही सेंसेक्स बीते संवत में 8.2 फीसद की तेजी तर्ज कर पाया है। नए संवत 2069 को दौरान भी इनकी ओर से बाजार में लिवाली जारी रहने की आशा है।

error: Content is protected !!