अजमेर, 26 जुलाई। संभागीय आयुक्त श्री एल.एन.मीणा की अध्यक्षता में शुक्रवार को संभाग के विकास कार्यों तथा कानून व्यवस्था के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभाग के चारों जिलों की व्यवस्थाओं के संबंध में व्यापक चर्चा की गई। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक श्री संजीव नार्जरी ने भी विभिन्न बिन्दुओं के संबंध में निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त श्री मीणा ने कहा कि संभाग से गुजरने वाले समस्त राजमार्गो के आवश्यकता वाले स्थानों पर रिफ्लेक्टर एवं साईन बोर्ड लगाए जाने आवश्यक है। कई स्थानों पर साईन बॉर्ड सही नहीं लगे हैं। उनको सही करवाने तथा अतिरिक्त साईन बॉर्ड लगाने के संबंध में स्थानीय स्तर पर अधिकारियों को पाबंद किया जाए। राजमार्गों पर ब्लैक स्पोर्ट का चिन्हीकरण करके उन्हें खत्म करने के लिए कार्य योजना तैयार की जाए। इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव बनाकर उच्च स्तर पर भेजे जाए। राष्ट्रीय राजमार्गो पर स्थित विभिन्न टोल नाकों पर रियायत ग्राही के रूप में दोनो दिशाओं पर एक-एक लेनों को खाली छोड़ा जाना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। विशेष परिस्थिति में इनका उपयोग किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक निर्माण विभाग के द्वारा संभाग की सड़कों पर आवश्यकता अनुसार मरम्मत का कार्य संपादित किया जाना चाहिए। बारिश के समय सड़कों में टूटफूट ज्यादा होती है इस कारण समय पर मरम्मत करने से सड़क को अधिक नुकसान नहीं होता है। सड़कों के दोनो तरफ खड़ी झाडियों से अंधमो़ड़ निर्मित हो जाते हैं। इन्हें रोकने के लिए झाड़ियों को कटाया जाना चाहिए। सड़क के किनारे उगी झाडियों से दुर्घटना की संभावना रहती है इन्हें भी हटाया जाए। इसी प्रकार शहरी क्षेत्रों में भी डिवाइडर पर उगी हुई झाड़ियों की कटाई करके उन्हें छोटा किया जाए।
उन्होंने कहा कि संभाग में अवैध खनन पर प्रभावी एवं सख्त कार्यवाही करने की आवश्यकता है। बजरी के अवैध खनन को रोकने के लिए विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम बनाने के साथ ही पुलिस, प्रशासन एवं खनन से संबंधित विभागों के प्रतिनिधि आवश्यक रूप से होने चाहिए। जप्त की गई बजरी का निस्तारण राज्य सरकार के दिशा निर्देशानुसार तुरन्त प्रभाव से किया जाए। निस्तारण से पूर्व जिला स्तरीय टास्क फोर्स का अनुमोदन प्राप्त किया जाए। इसी प्रकार जप्त अवैध शराब का निस्तारण भी समय पर हो।
उन्होंने कहा कि जिला पैरोल परामर्शदातरी समिति की बैठके नियमित रूप से आयोजित की जानी चाहिए। बैठक में रखे गए प्रकरणों के समस्त पक्षों को ध्यान में रखकर ही पैरोल पर अन्तिम निर्णय लिया जाए। विद्युत विभाग से इस संबंध में प्रमाण पत्र प्राप्त किया जाए की खम्बों की तान में विद्युतरोधी जोईंट लगा रखे है। साथ ही किसी भी खम्बे में लिकेज से करंट का प्रवाह नहीं हो रहा।
इस अवसर पर संभाग के चारों जिलों के कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षकों सहित आबकारी एवं खनन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
कारगिल दिवस पर शहीदों को किया याद
अजमेर 26 जुलाई। जिला प्रशासन एवं जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के संयुक्त तत्वाधान में आज शहीद स्मारक रेल्वे स्टेशन के समान कारगिल विजय दिवस की 20 वीं वर्षगांठ पर शहीदों की शहादत को याद करते हुए कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर हिमाश्री, कमाण्डेन्ट सैनिक अस्पताल नसीराबाद एवं मेयर श्री धर्मेन्द्र गहलोत द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्प् चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजली प्रदान की उसी दौरान पुलिस बैंड की धुन में आर्मी गार्ड द्वारा सलामी शस्त्र एवं शौक शस्त्र किया गया।
जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त कलक्टर प्रथम श्री आंनदी लाल वैष्णव, अतिरिक्त कलक्टर शहर श्री अरविंद कुमार सेंगवा ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजली अर्पित की।
केप्टन अशोक तिवारी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, मेयर श्री धमेन्द्र गहलोत, ब्रिगेडियर हिमाश्री ने शहीदों को नमन करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित लगभग 300 पूर्व सैनिक, सेवारत सैनिक व एनसीसी केडेट व गणमान्य नागरिकों को सम्बोधित किया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी केप्टन अशोक तिवारी द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का आभार प्रकट कर कार्यक्रम का समापन किया ।