आपदा की स्थिति में सभी विभाग मुश्तैद रहे- जिला कलक्टर

अजमेर, 29 जुलाई। जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने समस्त विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे संभावित बाढ एवं आपदा से निपटने के लिए मुश्तैद रहें तथा विभागीय स्तर पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें।
जिला कलक्टर सोमवार को आपदा प्रबंधन के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के समय समस्त विभागों को एक ईकाई की तरह कार्य करना चाहिए। बाढ की संभावित आशंका को देखते हुए प्रत्येक स्तर पर पूर्ण तैयारी की जानी चाहिए। साथ ही समस्त उपकरणों की भली भांति जांच करके उन्हें दुरूस्त किया जाना चाहिए। बाढ की स्थिति में आवश्यक मानवीय एवं भौतिक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समस्त अभिकरण तुरन्त प्रभाव से सक्रिय रहें।
उन्होंने कहा कि जल भराव की घटना एवं बाढ की संभावना के समय पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था अपनायी जानी चाहिए। इस संबंध में निर्धारित तैयारियां पूर्व में ही कर लेनी चाहिए। आपदा की स्थिति में बचाव के लिए ऊंचे स्थानों तथा सुरक्षित भवनों का चिन्हिकरण कर लिया जाए। इस संबंध में संबंधित विभाग जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित कर लें।
उन्होंने कहा कि जिले के समस्त तैराकों एवं गोताखोरों की सूचना तैयार कर जिला कलक्टर कार्यालय को उपलब्ध करवायी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पुष्कर सरोवर के पास एक तैराक अनिवार्य रूप से 24 घण्टे उपलब्ध रहेगा। उन्होंने सिविल डिफेंस के स्वयं सेवकों को भी प्रत्येक उपखण्ड में तैनात रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को ढीले एवं लटकते तारों को तत्काल ठीक करने तथा पोल के साथ लगाए गए सहायक पोल पर इंसूलेटर लगाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग से कहा कि विद्यालयों में प्रार्थना सभा के माध्यम से बालकों को सचेत किया जाए कि वे किसी तालाब अथवा जल स्त्रोत के नजदीक नहीं जावें। उन्होंने समस्त चिकित्सालयों में आपात स्थिति से निपटने के लिए बैड आरक्षित रखे जाने चाहिए। प्रत्येक चिकित्सा केन्द्र में पर्याप्त मात्रा में दवा उपलब्ध करवायी जाए।
उन्होंने कहा कि जिले में जल संसाधन विभाग द्वारा समस्त बांधों का मौका निरीक्षण किया जाए। जल भराव वाले समस्त स्थानों पर बचाव कार्य के लिए नावों एवं पम्प की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। नाव एनडीआरएफ, सिंचाई, सिविल डिफेंस के पास उपलब्ध हैं। इसी प्रकार पम्प नगर निगम, जलदाय एवं सिंचाई विभाग के पास उपलब्ध है। आवश्यकता पड़ने पर नगर निगम पम्प में डीजल की व्यवस्था करेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों द्वारा क्षतिग्रस्त एवं जीर्णशीर्ण भवनों को गिराने के लिए नोटिस जारी कर कार्यवाही अमल में लायी जाए। इसी प्रकार बड़े भवनों की फायर सेफ्टी ऑडिट आवश्यक रूप से करवायी जाए। किसी भवन की ऑडिट नहीं होने पर उसके खिलाफ कठोर कार्यवाही अमल में लायी जाए। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग को नदी, नालों के समीप सावधानी के साईन बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट श्री अमर सिंह ने भी सुरक्षा व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री आनन्दी लाल वैष्णव, श्री कैलाशचंद लखारा, जिला रसद अधिकारी श्री संजय माथुर, महिला एवं बाल विकास विभाग की उप निदेशक श्रीमती अनुपमा टेलर सहित समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

साप्ताहिक समीक्षा बैठक
राज सम्पर्क में बकाया प्रकरणों का तत्काल निस्तारण करें – जिला कलक्टर
अजमेर, 29 जुलाई। जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे राज सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज एक वर्ष से अधिक के प्रकरणों का तत्काल निस्तारण करें।
जिला कलक्टर सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज सम्पर्क पर दर्ज प्रकरणों का समय पर निस्तारण नहीं होने से आमजन की समस्या का समाधान नहीं हो पाता इसके लिए पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का तत्काल निस्तारण करें। इसमें एक वर्ष से ऊपर के प्रकरणों को प्राथमिकता से लेते हुए निस्तारित किए जाए। उन्होंने बताया कि जिला परिषद में सैंकड़ों प्रकरण एक वर्ष से ऊपर के बकाया थे। जिन्हें शून्य कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि मौसम के परिवर्तन के चलते अनेक बीमारियों के फैलने की संभावना रहती है, ऎसे में चिकित्सा विभाग अलर्ट रहे तथा सभी जगह पर्याप्त दवाईयां उपलब्ध रहे। उन्होंने पेंशन प्रकरणों के भौतिक सत्यापन कार्य शीघ्र सम्पादित करने के निर्देश भी दिए। नगर निगम बकाया सत्यापन को एक सप्ताह में निस्तारित करें। जिला कलक्टर ने पशुपालन विभाग को पशु चिकित्सालयों में पर्याप्त मात्रा में दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। श्रम विभाग को भी निर्देश दिए कि वे श्रमिकों के पंजीयन कार्य में गति लाए तथा विभिन्न योजनाओं सहित समयबद्धता के साथ कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने डीएमएफटी के बकाया कार्यो की तकनीकी स्वीकृतियां शीघ्र जारी करने के लिए भी संबंधित विभागों को निर्देशित किया।
जिला कलक्टर ने पशुपालन विभाग को पशु चिकित्सालयों में पर्याप्त मात्रा में दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। भेड निष्क्रमण के दौरान व्यवस्थायें भी पुख्ता सुनिश्चित करें। अभी तक 53 हजार भेडें आ चुकी है। उन्होंने जलदाय विभाग को निर्देशित किया कि वे पेयजल के अधिकाधिक नमूने लें तथा गलत मिलने पर इसकी जानकारी तत्काल चिकित्सा विभाग को दें।
बैठक में जिला कलक्टर ने कौशल विकास विभाग को निर्देशित किया कि वे विभिन्न ट्रेडों में लोगों को अधिकाधिक प्रशिक्षित करें ताकि उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जा सकें। उन्होंने कृषक बीमा योजना के कार्य में भी गति लाने के निर्देश दिये। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग को सैनेटरी नैपकीन के वितरण के संबंध में समूचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने एलिवेटेड रोड के कार्य में गति लाने के निर्देश देते हुए कहा कि लाईनों के शिफ्टिंग के एस्टीमेट संबंधित विभाग तत्काल दें तथा तीन माह की कार्ययोजना के अनुसार कार्य समयबद्धता के सम्पादित करें। उन्होंने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को निर्देशित किया कि वे अनुसूचित जाति जनजाति के लोगों के साथ अत्याचार होने पर उन्हों मिलने वाले लाभों को प्रचारित कर लाभ दिलाए। उन्होंने खान विभाग से अवैध रूप से बजरी खनन पर कार्यवाही करने तथा सीज बजरी को निलाम करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कृषि विभाग को मिनी किट वितरण का कार्य पात्र किसानों को दिलाने के निर्देश दिए। वहीं खनि. अभियांता को डीएमएफटी के तहत संबंधित विभागों से दो दिवस में तकनीकी स्वीकृतियां प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल शक्ति अभियान की प्रगति को पोर्टल पर तत्काल अपलोड करने के निर्देश दिए। वहीं सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं सिंचाई विभाग को अभियान के तहत बांधों के सुदृढी़करण, रैन वाटर हार्वेस्टिंग एवं पौधारोपण के कार्य कराने के निर्देश दिए।
इस मौके पर आईएएस प्रशिक्षु नित्या के, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री आनन्दी लाल वैष्णव, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चन्द्र लखारा सहित समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

जवाजा में 80 मिली मीटर वर्षा दर्ज
अजमेर, 29 जुलाई। जिले में सोमवार प्रातः समाप्त हुए गत् 24 घण्टों में सर्वाधिक वर्षा जवाजा में 80 मिली मीटर दर्ज की गई। जबकि अजमेर में 7, श्रीनगर में 12, गेगल में 8, पुष्कर में 8, गोविंदगढ़ में 10,नसीराबाद में 30, पीसांगन में 20, मांगलियावास में 40, किशनगढ़ में 14, बांदरसिंदरी में 7, रूपनगढ़ में 12, अरांई में 5, ब्यावर में 61, टाटगढ़ में 43, सरवाड़ में 25, सरवाड़ पुलिस थाना में 36, गोयला में 19, केकड़ी में 12, सांवर में 13, भिनाय में 34, मसूदा में 15, बिजयनगर में 21 तथा नारायण सागर में 23 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई है। जिले में एक जून से अब तक 314.16 मिली मीटर औसत वर्षा दर्ज हुई है।

स्वाधीनता दिवस समारोह ःः पुरूस्कार के लिए आवेदन 5 अगस्त तक
अजमेर, 29 जुलार्ई। स्वाधीनता दिवस समारोह पर समस्त संस्थाओं/ कार्यालयों के छात्र/छात्राओं व कर्मचारियों द्वारा स्वाधीनता दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर पुरस्कार के प्रस्ताव 5 अगस्त तक अनिवार्य रूप से संबंधित विभाग के माध्यम से कलक्ट्रेट कार्यालय को भिजवाये जा सकते है। इसके पश्चात प्राप्त होने वाले प्रस्तावों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने बताया कि अधिकारी/कर्मचारी के प्रस्ताव में इस आशय का स्पष्ट अंकन कर भिजवावें कि इनके विरूद्ध किसी प्रकार की विभागीय कार्यवाही प्रस्तावित/विचाराधीन नहीं है तथा इनके विरूद्ध किसी प्रकार की आपराधिक जांच विचाराधीन नहीं है। इनके अतिरिक्त गत पांच वर्षों में जिला स्तर पर उन्हें सम्मानित नहीं किया गया है। प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित कर केवल एक अधिकारी/कर्मचारी का प्रस्ताव ही भिजवावें एक से अधिक नहीं। कोई भी विभाग स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रस्ताव भिजवाने से पूर्व उस संस्था के संबंध में पूर्ण जांच करने के पश्चात ही प्रस्ताव भिजवावें।

बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक सम्पन्न
अजमेर, 29 जुलार्ई। बीस सूत्री कार्यक्रम द्वितीय स्तर समिति की बैठक सोमवार को जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार मे ंआयोजित की गई।
बैठक में जिला कलक्टर ने समस्त संबंधित विभागों को विभागीय लक्ष्यों को समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा विभाग को संस्थागत प्रसव कार्य में प्रगति लाने, अनुजा निगम को अनुसूचित जाति जनजाति के लोगों को विभिन्न योजना का लाभ दिलवाने तथा पोप योजना में जिला परिषद का सहयोग लेने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य आयोजना अधिकारी श्रीमती बीना वर्मा ने बताया कि गत वर्ष जिला बीस सूत्री कार्यक्रम में प्रथम स्थान पर रहा है। उन्होंने जून माह तक विभिन्न सूत्रों में हुई प्रगति की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री आनन्दी लाल वैष्णव, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चन्द्र लखारा सहित समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए शिविर का आयोजन 30 को
अजमेर, 29 जुलार्ई। राजस्थान अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास सहकारी निगम लिमिटेड जयपुर द्वारा राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम, नई दिल्ली (भारत सरकार का उपक्रम) की योजना के अन्तर्गत अन्य पिछड़ा वर्ग के व्यक्तियों को स्वरोजगार हेतु जागरूकता एवं स्व रोजगार स्थापना हेतु 30 जुलाई मंगलवार को सूचना केन्द्र अजमेर में एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। परियोजना प्रबंधक ने बताया कि यह जागरूकता शिविर (स्वच्छता पखवाड़ा 16-31 जुलाई 2019) के तहत आयोजित किया जाना है जिससे आशार्थियों को शिविर स्तर पर ही ऋण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा एनबीसीएफडीसी की सहयोगी संस्था के माध्यम से चिकित्सा शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा तथा अनुसूचित जाति, जनजाति, सफज्ञई कर्मचारी एवं दिव्यांगजनों को भी अनुजा निगम द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

राशन डीलर का लाइसेंस निरस्त
अजमेर, 29 जुलार्ई। प्रवर्तन निरीक्षक भिनाय, श्री खान मोहमम्मद खां की रिपोर्ट के अनुसार श्री रतन सिंह उचित मूल्य दुकान कोड – 15817, ग्राम गोवलिया, तहसील भिनाय द्वारा गम्भीर अनियमितता किए जाने पर उचित मूल्य दुकान कोड 15817, ग्राम गोवलिया तहसील भिनाय का प्राधिकार पत्र तुरन्त प्रभाव से निलम्बित किया जाता है।
वैकल्पिक व्यवस्था हेतु श्री चेतन भांबी उचित मूल्य दुकान कोड 7560, ग्राम बांदनवाड़ा तहसील भिनाय को अग्रिम आदेश तक अधिकृत किया जाता है। जो संबंधित ग्राम में ही स्वयं सामग्री वितरण करेंगे।

error: Content is protected !!