जैसलमेर 9 जनवरी/स्वस्थ जैसाण एवं निरोगी राजस्थान अभियान के अन्तर्गत गुरुवार को अधिकारियों ने सघन रूप से जिले में संचालित आंगनवाड़ी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया और मातृ, शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (एमसीएचएन डे) की गतिविधियों का जायजा लिया।
जिला कलक्टर नमित मेहता ने इसके लिए जिले के 44 अधिकारियों को आकस्मिक निरीक्षण के लिए लगाया और इनके माध्यम से जिले भर में आंगनवाड़ी केन्द्रों की गुरुवार को सघन आकस्मिक जांच तथा गर्भवती महिलाओें की प्रसव पूर्व जांच, रजिस्ट्रेशन एवं महिलाओं व बच्चों के टीकाकरण की स्थिति के बारे में तहकीकात करवायी।
जिला कलक्टर ने शहरी आँगनवाड़ी केन्द्रों का अवलोकन किया
जिला कलक्टर नमित मेहता ने गुरुवार को जैसलमेर शहरी क्षेत्र में सूली डूंगर एवं गफूर भट्टा स्थित आंगनवाड़़ी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्र पर आयोजित मातृ, शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (एमसीएचएन डे) पर एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यक्रर्ता सहायिका व आशा सहयोगिनी द्वारा प्रदान की गई टीकाकरण, पोषाहार तथा एएनसी पंजीकरण आदि गतिविधियाें के बारे में गहन जानकारी प्राप्त की।
सभी कार्य समयबद्ध रूप से करें पूर्ण
जिला कलक्टर मेहता ने केन्द्र पर उपस्थित महिलाओं को अपने क्षेत्र की समस्त गर्भवती महिलाओं एवं शिशुओं का निर्धारित समयावधि पर पूर्ण टीकाकरण एवं प्रसव पूर्व जांच एवं पंजीकरण करवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने केन्द्र पर शिशुओं, गर्भवती महिलाओं व धात्री माताओं को प्रदान किए जाने वाले पोषाहार के बारे में जानकारी ली तथा निर्धारित दिवस को पात्र लाभार्थियों को पोषाहार से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने आँगनवाड़ी केन्द्रों पर उपस्थित बच्चों से सीधा संवाद किया तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा प्रदान किए जा रहे शिक्षण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आँगनवाड़ी केन्द्र से संबंधित क्षेत्र की समस्त गर्भवती महिलाओं का समय पर शत-प्रतिशत पंजीकरण व शिशुओं का पूर्ण टीकाकरण करने के निर्देश दिए। उन्हाेंने सूली डूँगर आँगनवाड़ी केन्द्र पर उपस्थित बच्चों को फलों का वितरण किया गया।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी. के. बारूपाल, उप निदेशक महिला अधिकारिता विभाग राजेन्द्र चौधरी, डॉ. सत्यम पालीवाल भी उपस्थित थे।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
इसी प्रकार विभिन्न अधिकारियों ने जिले में आँगनवाड़ी केन्द्रों का दौरा किया और इन केन्द्रों पर एमसीएचएन डे की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया।
—-000—-
जैसलमेर – मिलिट्री स्टेशन में पूर्व सैनिकों की रैली 14 जनवरी को
जैसलमेर 9 जनवरी/सभी भूतपूर्व सैनिकों व विधवाओं एवं इनके आश्रितों के लिए 14 जनवरी, मंगलवार को प्रातः 10 बजे जैसलमेर मिलिट्री स्टेशन में पूर्व सैनिकों की रैली और मेडिकल कैम्प का आयोजन किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए रैली प्रभारी मेजर सौरभ उपाध्याय ने बताया कि इसमें पूर्व सैनिक व विधवा एवं इनके आश्रितों के कोई समस्या सिविल संबंधी व सेना संबंधी/रिकार्ड/सीडीए इलाहाबाद/बैंक इत्यादि से संबंधित समस्याओं का निवारण किया जायेगा। सभी पूर्व सैनिकों/विधवाओं/आश्रितो को अपने दस्तावेज साथ लेकर आवें।
—-000—-
मरु महोत्सव-2020 के सफल आयोजन के लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त
जैसलमेर 9 जनवरी/मरु महोत्सव-2020 के सफल आयोजन के लिए जिला कलक्टर नमित मेहता ने एक आदेश जारी कर सहायक निदेशक लोक सेवायें भारत भूषण गोयल को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है।
जिला कलक्टर द्वारा आदेश में प्रभारी अधिकारी गोयल उक्त कार्यक्रम से संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्यवाही कर इसकी सफल क्रियान्विति सुनिश्चित करेंगे।