देर रात तक भजनों पर झूमे श्याम भक्त
ब्यावर। शीतल रात, श्याम बाबा का भव्य दरबार, सतरंगी फूलों से श्रृंगारित ठाकुरजी, इत्र की खुशबू से महकता माहौल और भजनों की सरिता में गोते लगाते भक्त। अवसर था फाल्गुन द्वादशी के मौके पर फतेहपुरिया चौपड़ स्थित श्री श्याम मंदिर में आयोजित विशाल भजन संध्या का। यहां गायकों ने देर रात तक सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी तो भक्त झूम उठे। श्याम भक्तों ने भगवान के साथ फूलों से जमकर होली खेली।
स्थानीय गायक विजय मंडोरा व निशांत मंगल ने गणेश वंदना व हनुमान भजन के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की। इसके बाद कोटा से आए गायक श्याम सलोना ने किस्मत वालों को मिलता है श्याम तेरा दरबार.., दीनानाथ मेरी बात छानी कोनी तेरे से.., तेरी रहमतों का दरिया सरेआम बह रहा है.., जैसे भावपूर्ण भजनों पर भक्त प्रभु के भाव में डूब गए। बाबा श्याम के दरबार मची रे होली.., आयो फागनियो श्याम धणी के रंग लगावां जी.., राधा का श्याम दीवाना.., मैं तो नाचूंगी तेरे दरबार मुरली वाले रसिया.. जैसे फाग गीतों की धमाल पर हर भक्त झूम उठा। मंच संचालन सुमित सारस्वत ने किया। भव्य दरबार को शीश के दानी व तीन बाण धनुष की आकृति में सजाया गया। पंडित विकास शर्मा, दिलीप खत्री, ललित दगदी ने कोलकाता से मंगवाए गए सतरंगी फूलों से खाटू नरेश का मनमोहक शृंगार किया। मंदिर प्रमुख सुनील कौशिक, मुकेश कौशिक, मुकेश गर्ग, सुनील सिंहल ने यजमान श्याम सिंहल, संदीप सिंहल, राकेश प्रजापति, दिलीप सांखला, लालचंद दगदी, जुगलकिशोर को बाबा की छवि भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में सभापति नरेश कनौजिया, पार्षद त्रिलोक शर्मा, कौशल्या कौशिक, सीमा माहेश्वरी, डॉली सक्सेना, माधुरी गर्ग, माेनिका, सुनीता, कामिनी, सुनैना, रत्ना, शकुंतला, पुरूषोत्तम शर्मा, गौरव गर्ग, सत्यनारायण शर्मा, मनोज चौहान, अंकुर मित्तल, मुकेश गुप्ता, अशोक, चर्चित, मनोज, संस्कार, शुभम, चिराग सहित कई श्याम भक्त शामिल हुए। बारस के मौके पर मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने ज्योत दर्शन कर बाबा को मेवा मिश्री व खीर-चूरमे का भोग लगाया। भजन विश्राम होने पर बाबा की महाआरती की गई।