अजमेर, 18 मार्च। अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने श्री संन्यास आश्रम गंज स्थित शिव सनातन वेद निशुल्क आवासी विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को 6 कम्प्यूटर दिये। देवनानी ने इसके लिए उनके विधायक कोष से एक लाख 80 हजार रूपए स्वीकृत किये थे।
देवनानी ने बुधवार को सन्यास आश्रम में आयोजित लोकार्पण समारोह में विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारी सनातन संस्कृति व वेदों के अध्ययन के साथ विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान होना भी आवश्यक है। विद्यालय में उपलब्ध कराये गये कम्प्यूटर से यहां के विद्यार्थियों को कम्प्यूटर सम्बंधी शिक्षण भी मिल सकेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को आव्हान किया कि वे तकनीकी माध्यम से भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार व आगे बढ़ाने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री स्वामी शिवज्योतिषानंद जी महाराज ने की तथा उपस्थित अतिथियों व विद्यार्थियों को आशीवर्चन कहे।
भाजपा कार्यकर्ता सामाजिक सरोकारों से जोड़ें नाता-देवनानी
अजमेर, 18 मार्च। अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वे सामाजिक सरोकारों से नाता जोड़ते हुए लोगों को पार्टी से जोड़ें। कोरोना को लेकर जनजागृति अभियान चलाएं, ताकि लोग स्वच्छता के प्रति जागरूक होकर कोरोना के प्रभाव से बच सकें।
वे बुधवार को अपने निवास स्थान पर शहर भाजपा दाहरसेन मंडल के नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर रहे थे। उन्होंने सभी पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और कार्यकर्ता अपने-अपने वार्डों में लोगों से निरंतर संपर्क साधें। कोरोना को लेकर जनजागृति बढ़ाने के लिए काढ़ा वितरण करें, घर-घर जाकर पेम्पलेट और सेनिटाइजर से हाथ साफ करने के लिए प्रेरित करें। जगह-जगह जागरूकता के होर्डिंग्स लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता केवल किसी मौके विशेष पर दलित बस्तियों में नहीं जाएं, बल्कि आम दिनों में भी इन बस्तियों में जाकर लोगों से संपर्क करें। लगातार संपर्क बनाए रखने से ही सामाजिक परिवर्तन लाया जा सकता है।
अब मंडल होंगे संगठन के केंद्रबिंदु
देवनानी ने कहा कि अब संगठन के लिए मंडल इकाइयां केंद्रबिंदु होंगी। यह निर्णय पार्टी स्तर पर लिया जा चुका है। शक्ति केंद्र प्रभारी अब वार्ड अध्यक्ष होंगे। संगठन के अधिकांश कार्यक्रम मंडल स्तर पर चलाए जाएंगे। पार्टी ने यह माना है कि मंडल स्तर पर संगठन द्वारा ज्यादा से ज्यादा कार्य करते हुए लोगों को जोड़ा जा सकता है।
निगम चुनाव के लिए जुटें
देवनानी ने कहा कि इसी साल जुलाई-अगस्त में नगर निगम के चुनाव होने वाले हैं, इसलिए हम सभी को इन चुनावों के लिए अभी से जुट जाना चाहिए। हमारी कोशिश यह होनी चाहिए कि हम इन चुनावों को जीतें। हम अपने मन में चुनाव लड़ने के लिए पार्टी का काम करने के लिए महत्वाकांक्षा पालें। लेकिन यदि पार्टी आदेश करे, तो चुनाव भी लड़ें। आप चुनाव लड़ेंगे या नहीं, यह विचार करने का काम पार्टी का है। पार्टी हमेशा कर्मठ कार्यकर्ताओं को तरजीह देती है। यदि किन्हीं कारणों से किसी को टिकट नहीं मिल पाता है तो मन में मलाल पालने की बजाय पार्टी को जिताने के लिए कमर कसकर काम करना चाहिए। चुनाव लड़ना और संगठन में पदाधिकारी बनना ही अंतिम लक्ष्य नहीं होना चाहिए।
पदाधिकारियों का किया स्वागत
इससे पहले देवनानी ने दाहरसेन मंडल के सभी पदाधिकारियों का मालाएं पहना कर स्वागत करते हुए बधाई दी। मंडल अध्यक्ष व पार्षद दीपेंद्र लालवानी ने देवनानी का स्वागत करते हुए पदाधिकारियों की जानकारी दी। इस मौके पर मंडल महामंत्री सत्येंद्र कुमार शर्मा, सुधा शुक्ला, रेणु द्विवेदी, दीपक शर्मा, अनुपम गोयल, सुरेश नवल, विकास जैन, विक्रमसिंह राठौड़, श्वेता आर्य, बीना गर्ग, जय किशन सोनी आदि भी मौजूद रहे।