41वें शारदीय दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ, दीनदयाल उद्यान में महासप्तमी पर भव्य पूजा-अर्चना व धुनुची नृत्य*

*अजमेर।* गीतांजलि कल्चरल एंड वेलफेयर सोसाइटी अजमेर के तत्वावधान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 41वां श्री श्री शारदीय दुर्गा पूजा महोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव का आयोजन दीनदयाल उद्यान, जनता कॉलोनी, भोलेश्वर महादेव मंदिर के पास, वैशाली नगर, अजमेर में किया जा रहा है।
कोषाध्यक्ष व प्रवक्ता पी.के. दास ने बताया कि शनिवार 17 अक्टूबर 2026 को महासप्तमी के अवसर पर कोलकाता से आए पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई गई। सुबह समिति के अध्यक्ष श्री देबब्रत दत्ता को सपत्नीक संकल्प दिलाकर नव पत्रिका प्रवेश व स्थापना पूजा कराई गई। इसके उपरांत फल बलिदान, पुष्पांजलि, आरती व भोग अर्पण के साथ माता की पूजा संपन्न हुई।
दिन में विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ तथा सचिव चिन्मय देबनाथ की देखरेख में सैकड़ों भक्तों को माता का भोग प्रसाद वितरित किया गया।
*शाम को भव्य संध्या आरती व धुनुची नृत्य ने मोहा मन -*
शाम को माता की भव्य संध्या आरती का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के युवक-युवतियों एवं महिला-पुरुषों ने माता के समक्ष पारंपरिक धुनुची नृत्य प्रस्तुत कर सभी को भाव-विभोर कर दिया।
पूजा प्रांगण में सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ प्रियांशी दास द्वारा माता के आवाहन स्वरूप आगोमोनी नृत्य से किया गया। कला अंकुर संस्था के नन्हे विद्यार्थियों ने “कान्हा सो जा जरा” पर मनमोहक समूह नृत्य तथा महिलाओं ने “ऐ गिरि नंदिनी” पर शानदार नृत्य प्रस्तुति दी।
संगीतमय संध्या में श्री एस.एस. शेखावत, अध्यक्ष गोपाल खन्ना, सोनू माथुर, डॉ. बृजेश माथुर, मुकेश परिहार, लता शर्मा, नितीश दाधीच ने अपने मधुर गीतों से समां बांध दिया। समिति की ओर से पी.के. दास ने बांग्ला गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की संयोजिका माधवी स्टीफन ने कला अंकुर संस्था का परिचय दिया, जबकि मंच संचालन समिति की ओर से आयुषी मुखर्जी व कला अंकुर की महासचिव रेणु शर्मा ने किया।
अंत में गीतांजलि सोसाइटी के अध्यक्ष देबब्रत दत्ता, सचिव चिन्मय देबनाथ व कोषाध्यक्ष पी.के. दास द्वारा सभी कलाकारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
पी के दास
प्रवक्ता
गीतांजलि कल्चरल एंड वेलफेयर सोसाइटी अजमेर

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!