
देवनानी ने अजमेर के 80 वार्डो में से 48 वार्डो में भाजपा को बहुमत मिलने पर मतदाताओं व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्तारूढ कांग्रेस अजमेर शहर के महज 22 प्रतिशत वार्डो में ही सिमट गई। कांग्रेस को शहर के 80 वार्डो में से मात्र 18 वार्डो में सफलता मिलना यह दर्शाता है कि निगम में भाजपा के पिछले बोर्ड द्वारा कराये गये जनहित के कार्यो पर जनता ने मोहर लगाते हुए कांग्रेस को नकार दिया है।
इसके साथ ही मोदी जी द्वारा अजमेर शहर को दी गई स्मार्ट सिटी की सौगात के लिए मतदाताओं ने भाजपा के पक्ष में वोट देकर उनका आभार व्यक्त किया है साथ ही प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा की गई वादाखिलाफी, बिजली के बिलों में बढोतरी के करंट, बेरोजगारों को गुमराह करने, पेयजल व्यवस्था के कुप्रबंधन व विकास कार्यो पर ब्रेक लगाने के लिए कांग्रेस को आईना दिखाया है।
देवनानी ने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ कार्य करती है जबकि प्रदेश में कांग्रेस पिछले दो साल से अंदरूनी खींचतान में इस कदर उलझी हुई है कि अजमेर ही नहीं पूरे प्रदेश का विकास ठप्प हो गया। नगर निगम चुनाव में जनता ने सोच-समझकर अपने मत का प्रयोग किया तथा विकास के लिए भाजपा को वोट दिया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता ने भाजपा पर जो भरौसा व्यक्त किया है उसके अनुरूप ही विकास व सेवा कार्य कराये जाएंगे।