अभय कमाण्ड सेन्टर की व्यवस्थाओं को सराहा
अजमेर, 4 फरवरी। सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग (डीओआईटी) के आयुक्त एवं विशिष्ट सचिव श्री विरेन्द्र सिंह गुरूवार को अजमेर के एक दिवसीय दौरे पर रहे।
अजमेर संभाग के अतिरिक्त निदेशक श्री अखिलेश मित्तल ने बताया कि डीओआईटी के आयुक्त श्री विरेन्द्र सिंह ने जिले में अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान विभाग की कार्यप्रणाली तथा व्यवस्थाओं के संबंध में स्थानीय अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कलक्ट्रेट परिसर में स्थित अभय कमाण्ड कन्ट्रोल सेन्टर का निरीक्षण किया। अभय कमाण्ड सेन्टर की व्यवस्थाओं की उन्होंने सराहना की।
उन्होंने बताया कि श्री विरेन्द्र सिंह ने सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग, जयपुर के तकनीकी निदेशक श्री बी.एस नाथावत एवं अतिरिक्त निदेशक श्री आर. के. शर्मा के साथ पंचायत समिति श्रीनगर, ग्राम पंचायत नारेली, पालरा तथा सेंदरिया का निरीक्षण किया। इन स्थानों पर उपस्थित सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, ब्लॉक विकास अधिकारी, सरपंच, ग्राम सेवक तथा ई-मित्र किओस्क धारकों को ई-मित्र प्लस मशीन, वाई-फाई, राज्य सरकार द्वारा अनुमोदित सेवाओं की रेट लिस्ट तथा ग्राम पंचयात स्तर पर मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं व सेवाओं से सम्बन्धित जानकारी आम जन तक सुगमता से पहुँचाने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए।