विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया

विश्व हिंदू परिषद अजमेर महानगर , माधव प्रखंड क्र.6,गुलाबवाड़ी में विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। बजरंग दल महानगर सह संयोजक दिलीप सिंह के अनुसार कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय प्रतिष्ठित व्यवसायी श्री गजराज चौधरी ने की तथा मुख्य वक्ता चित्तौड़ प्रांत संगठन मंत्री श्री धनराज रहे। भगवान श्री राम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। बजरंग दल संयोजक श्री ओम राय के द्वारा आचार संहिता के पश्चात मुख्य वक्ता श्री धनराज ने विश्व हिंदू परिषद की स्थापना की आवश्यकता एवं उद्देश्य तथा विश्व हिंदू परिषद के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अपनी गौरवमयी विरासत एवं अस्तित्व को खोते जा रहे हिंदू समाज को संगठित कर सबल एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से 1964 में संघ के तत्कालीन सरसंघचालक माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर जी की प्रेरणा से स्वामी चिन्मयानंद जी के आश्रम में विश्व हिंदू परिषद की स्थापना की गई। विश्व हिंदू परिषद के प्रयत्नों से हिंदू समाज में समरसता का भाव उत्पन्न करने के लिए देश के सभी संतो को एक मंच पर लाकर उनके द्वारा घोषणा की गई “हिंदव: सोदरा सर्वे, न हिन्दू पतितो भवेत्।”
उन्होंने बताया कि हिंदू समाज को तोड़ने और हिंदू संस्कृति को विखंडित करने के लिए विधर्मियोंं के षड्यंत्र उच्च स्तर पर चल रहे हैं अतः अपने धर्म संस्कृति की रक्षा के लिए हम सभी को सन्नद्ध एवं सजग रहने की आवश्यकता है। जो धर्म की रक्षा करता है धर्म उसकी रक्षा करता है। विश्व हिंदू परिषद ने जो कार्य अपने हाथ में लिया उसे पूर्ण करके ही दिखाया। राम मंदिर निर्माण का कार्य भी उन्हीं में से एक है जो कि किसी समय में असंभव कार्य माना जाता था किंतु विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर संतो की प्रेरणा से विश्व हिंदू परिषद ने श्री राम जन्मभूमि मुक्ति अभियान चलाया तथा संपूर्ण देश भर में राम लला के नाम की लहर चला दी, दो बार कार सेवाएं हुई और बहुत से राम सेवकों ने अपने प्राणों का उत्सर्ग किया। अनेकानेक प्रकार की बाधाएं आई किंतु विश्व हिंदू परिषद ने अपने संकल्प को नहीं छोड़ा और अब वह दिन दूर नहीं जब हम अपनी आंखों से प्रभु राम के भव्य मंदिर का दर्शन कर पाएंगे। श्री गजराज चौधरी ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता गण अपना तन मन धन से सहयोग करते हुए संपूर्ण हिंदू समाज को संगठित करने का कार्य कर रहे हैं उनका यह कार्य निश्चय ही सराहनीय एवं प्रेरणास्पद है। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री श्री संजय तिवारी ने किया एवं कार्यक्रम के अंत में महानगर मंत्री श्री लोकेंद्र दत्त मिश्रा ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। उनकी संपूर्ण व्यवस्थाएं प्रखंड मंत्री संदीप भाटी एवं प्रखंड अध्यक्ष श्री घनश्याम चित्तौड़िया के निर्देशन में की गईं।

error: Content is protected !!