बेंगलुरु, 22 अगस्त 2022: भारत में वाणिज्यिक वाहनों की सबसे बड़ी निर्माता टाटा मोटर्स ने आज बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (बीएमटीसी) से 921 इलेक्ट्रिक बसों का ऑर्डर मिलने की घोषणा की है। कनवर्जेन्स एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड (सीईएसएल) के बड़े टेंडर के तहत टाटा मोटर्स अनुबंध के अनुसार 12 महीनों तक 12-मीटर इलेक्ट्रिक बसों की आपूर्ति, परिचालन और रख-रखाव करेगी। टाटा स्टारबस स्वदेशी आधार पर विकसित वाहन है, जिसका उन्नत डिजाइन और श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ खूबियाँ स्थायित्वपूर्ण एवं आरामदायक यात्रा के लिये हैं।
बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की प्रबंध निदेशक, आईएएस, सुश्री जी. सत्यवती ने इस घोषणा पर अपनी बात रखते हुए कहा, “हम टाटा मोटर्स के लिये 921 इलेक्ट्रिक बसों के ऑर्डर की पुष्टि करते हुए बहुत खुश हैं। यह ऑर्डर बेंगलुरू में जन-साधारण के प्रदूषण-रहित और स्थायित्वपूर्ण शहरी परिवहन की बढ़ रही आवश्यकता के लिये सबसे महत्वपूर्ण है। बीएमटीसी को आधुनिक इलेक्ट्रिक बसें लाने की खुशी है, जो कि पर्यावरण के लिये अनुकूल सार्वजनिक परिवहन के लिये अधिक से अधिक लोगों को आकर्षित करेंगी।”
कनवर्जेन्स एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड (सीईएसएल) की एमडी एवं सीईओ सुश्री महुआ आचार्य ने कहा, “हमें बहुत खुशी है कि बीएमटीसी ने सीईएसएल के ग्रैण्ड चैलेंज के तहत इलेक्ट्रिक बसों का आर्डर दिया है। यह इलेक्ट्रिक बस के साथ हमारे सफर में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि है। इस प्रतिबद्धता के लिये हम कर्नाटक सरकार और बीएमटीसी का और उनके सहयोग के लिये टाटा मोटर्स का आभार व्यक्त करते हैं।”
इस अवसर पर श्री रोहित श्रीवास्तव, वाइस प्रेसिडेंट, प्रोडक्ट लाइन- बसेस, टाटा मोटर्स ने कहा, “हमें खुशी है कि भारत में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने के लिये टाटा मोटर्स की प्रतिबद्धता को बीएमटीसी से इलेक्ट्रिक बसों का प्रतिष्ठित ऑर्डर मिलने से और भी मजबूती मिली है। टाटा मोटर्स स्मार्ट, आधुनिक और ऊर्जा से सक्षम यात्री वाणिज्यिक वाहन विकसित करने में आगे रही है, जो भविष्य की परिवहन सम्बंधी आवश्यकताओं को पूरा करते हैं। हमें विश्वास है कि पर्यावरण के लिये हितैषी यह इलेक्ट्रिक बसें बेंगलुरु के निवासियों के लिये फायदेमंद होंगी।”
टाटा मोटर्स को पिछले 30 दिनों में दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (डीटीसी) से 1500 इलेक्ट्रिक बसों और वेस्ट बंगाल ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (डब्ल्यूबीटीसी) से 1180 इलेक्ट्रिक बसों के ऑर्डर मिल चुके हैं। टाटा मोटर्स की अत्याधुनिक शोध एवं विकास सुविधाओं ने वैकल्पिक ईंधन प्रौद्योगिकी से ताकत पाने वाले अभिनव यातायात समाधानों को इंजीनियर करने के लिये लगातार काम किया है, जैसे कि बैटरी-इलेक्ट्रिक, हाइब्रिड, सीएनजी, एलएनजी और हाइड्रोजन फ्यूल सेल टेक्नोलॉजी। टाटा मोटर्स ने अब तक भारत के कई शहरों में 715 से ज्यादा इलेक्ट्रिक बसों की आपूर्ति की है, जो कुल मिलाकर 40 मिलियन किलोमीटर से ज्यादा चल चुकी हैं।