इराक में ताबड़तोड़ हमले, उप प्रधानमंत्री बचे

वित्त मंत्री की गिरफ्तारी के बाद इराक में सरकार विरोधी प्रदर्शन तेज हो गए हैं। ऐसे ही एक प्रदर्शन में हमले के दौरान उप प्रधानमंत्री सालेह अल मुतालक रविवार को बाल-बाल बच गए। लेकिन सोमवार को जारी गोलीबारी और बम धमाकों ने 22 लोगों की जान ले ली। इन घटनाओं में 83 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं।

मीडिया रिपोर्टो के अनुसार बगदाद से लगभग 100 किमी दूर अनबर प्रांत में अल मुतालक एक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा ले रहे थे। हमले में उनके कई अंगरक्षक घायल हो गए।

गौरतलब है कि गुरुवार को सुन्नी वित्त मंत्री राफी अल ईसावी की गिरफ्तारी के बाद से शिया प्रधानमंत्री नूरी मलीकी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री ने सफाई दी है कि उन्होंने ईसावी की गिरफ्तारी के आदेश नहीं दिए थे, बल्कि एक न्यायिक जांच के चलते उनकी गिरफ्तारी हुई है।

दूसरी ओर, सोमवार को देश के उत्तर, मध्य और दक्षिण स्थित 13 शहरों और कस्बों में गोलीबारी और धमाकों की 15 घटनाएं हुई हैं। दक्षिण बगदाद के मुसाएब कस्बे में सबसे बड़ा हमला हुआ। यहां विस्फोट में तीन घर जमींदोज हो गए, जिसमें सात लोगों की जान चलाई गई। इसी तरह किरकुक में विस्फोट में पांच पुलिसकर्मी मारे गए और चार गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी तरह बगदाद में एक आत्मघाती कार बम धमाके में चार लोगों की मौत हुई है। हिला और मोसुल शहरों में हुए हमलों में दो-दो लोगों की मौत हुई है। लातिफ्याह और तुज खुर्मातू में एक-एक व्यक्ति मारा गया है। अब तक किसी भी समूह ने हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है।

error: Content is protected !!