अजमेर, 28 मई। प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो महिलाओं के मान और सम्मान के प्रति पूरी तरह समर्पित है। केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने महिलाओं को आगे बढ़ाने और उनकी तरक्की के लिए अनेक कदम उठाए हैं। केंद्र सरकार के प्रयासों के कारण है कि जहां मातृ मृत्यु दर में कमी आई है, वहीं सशस्त्र बलों में महिलाओं के लिए स्थाई कमीशन बनाया गया है।
चंद्रशेखर शहर भाजपा महिला मोर्चा की ओर से क्रॉस लेन होटल में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। सभी महिला कार्यकर्ता मोदी का मुखौटा पहन कर आईं। चंद्रशेखर ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति का सशक्तीकरण हुआ है। मोदी ने प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रसव पूर्व निःशुल्क जांच योजना शुरू की, जिससे प्रसव के दौरान महिलाओं की होने वाली मृत्यु दर में गिरावट आ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 3.03 करोड़ से अधिक महिलाओं को सहायता प्रदान की गई। देशभर के जन औषधि के केंद्रों पर मात्र एक रूपए में सैनिटरी पैड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बालिकाओं के जीवन को सुखद बनाने के लिए सुकन्या समृद्धि योजना शुरू की गई है। 27 करोड़ से अधिक महिलाओ को मुद्रा लोन दिए गए।
चंद्रशेखर ने कहा कि मोदी ने पानीपत से बेटी बचाओ अभियान की शुरूआत की, जिससे पूरे भारत में लिंगानुपात में सुधार हो रहा है। मोदी ने ही देश में स्वच्छ भारत योजना शुरू की, जिससे आज भारत में सफाई व्यवस्था में तेजी से सुधार हो रहा है। घर-घर शौचालय बनाए जाने से अब महिलाओं को खुले में शौच जाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता है। केंद्र सरकार ने महिला कार्मिकों के मैटरनिटी अवकाश को 12 सप्ताह से बढ़ाकर 24 सप्ताह कर दिया है।
उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में अब संसद का नया भवन तैयार हो गया है, जिसका लोकार्पण रविवार को मोदी ने किया है। इस संसद भवन का निर्माण भारतीय कारीगरों द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत सांस्कृतिक पुनरूत्थानयात्रा की ओर अग्रसर है। राम मंदिर का निर्माण तेजी से चल रहा है। कश्मीर में धारा 370 हटाई गई है। उज्जैन में महाकालेश्वर कोरिडोर और काशी विश्वनाथ में कोरिडोर बन गया है। केदारनाथ के विकास की योजना शुरू की गई है। नमामि गंगे योजना से गंगा नदी की सफाई का अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी की 31 मई को होने वाली आमसभा में मोर्चा की कार्यकर्ता अपने-अपने वार्डों से बड़ी संख्या में महिलाओं को लेकर पहुंचें।
पूर्व शिक्षा मंत्री व अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि मोदी सरकार ने अजमेर को चार बड़ी सौगातें दी हैं, जिनमें स्मार्टसिटी, अमृत जल योजना, प्रसाद योजना और हैरिटेज योजना शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से अजमेर का कायाकल्प हो रहा है। हैरिटेज योजना में अजमेर के पुरा महत्व के स्थलों का पुनरूद्धार किया जा रहा है, जबकि अमृत जल योजना में वंचित क्षेत्रों को पाइप लाइनों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी की अजमेर में सभा होना हम सभी के लिए बहुत गर्व की बात है, इसलिए हम सभी को सभा में जनसैलाब जुटाने के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला पदाधिकारी 25 महिलाओं की चौपाल लगाएं और घर-घर जाकर महिलाओं को सभा के लिए आमंत्रित करें।
महिला मोर्चा की अध्यक्ष भारती श्रीवास्तव ने महिला कार्यकर्ताओं से कहा कि वे बड़ी संख्या में महिलाओं को आमसभा में लाएं। बैठक में एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश मेघवाल, भाजपा संगठन अजमेर प्रभारी वीरमदेव सिंह, शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, पूर्व जिला प्रमुख वंदना नोगिया, सरिता गैना, पार्षद रूबी जैन, नलिनी शर्मा, डिंम्पल शर्मा, अंजना शेखावत, शिलम बैरवा, सरोज चौधरी, लक्ष्मी यादव, विजय लक्ष्मी विजय, विजय, रेणु यादव, अनुराधा पारीक, भाग्यश्री ओझा, निकी जैन सहित अनेक महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
