राजस्थान का सामान्य ज्ञान प्रश्न-पत्र की परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न
अजमेर, 7 जनवरी। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित वर्ष 2024 की प्रथम भर्ती परीक्षा 7 जिला मुख्यालयों पर सुचारू रूप से संपन्न हुई। सहायक आचार्य, पुस्तकालयाध्यक्ष एवं शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशक (कॉलेज शिक्षा विभाग) परीक्षा-2023 के तहत ’’राजस्थान का सामान्य ज्ञान’’ प्रश्न-पत्र की परीक्षा का आयोजन रविवार को अजमेर, भरतपुर, बीकानेर, जयपुर, जोधपुर कोटा व उदयपुर जिला मुख्यालयों पर दोपहर 12 से 2 बजे तक किया गया।
आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक श्री आशुतोष गुप्ता ने बताया कि इस परीक्षा के लिए कुल 197766 अभ्यर्थी पंजीकृत किए गए थे। इनमें 98601 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। अभ्यर्थियों का उपस्थिति प्रतिशत अजमेर में 48.52, भरतपुर में 48.39, बीकानेर में 54.28, जयपुर में 56.67, जोधपुर में 57.10, कोटा में 38.92, उदयपुर में 33.86 कुल 49.86 रहा
उल्लेखनीय है कि आयोग द्वारा उक्त परीक्षा के अन्तर्गत सहायक आचार्य के 40 विषयों के 1936, पुस्तकालयाध्यक्ष के 247 एवं शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशक के 247 पदों के लिए ’’राजस्थान का सामान्य ज्ञान’’ प्रश्न-पत्र की परीक्षा का आयोजन किया गया था। उक्त पदों की विषयवार परीक्षा का प्रस्तावित कार्यक्रम भी आयोग द्वारा पूर्व में ही जारी किया जा चुका है।