जल, भूमि और जन सहभागिता के उत्सव में हुई चर्चा
जल संरक्षण हमारी संस्कृति- श्री देवनानी
जल संरक्षण से होगी जमीन और किसान की रक्षा- श्री भागीरथ चौधरी
अजमेर, 6 दिसम्बर। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 (जलग्रहण घटक) के अंतर्गत शनिवार को संभाग स्तरीय वाटरशेड महोत्सव-2025 का आयोजन हुआ। इसमें जल, भूमि और जन भागीदारी पर कार्यशाला के माध्यम से चर्चा की गई। जिलेवार लाभार्थी संवाद कार्यक्रम में व्यक्तियों ने अपने अनुभव साझा किए।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ने से एक सामान्य व्यक्ति भी इसके बारे में जानने समझने लगा है। आज के दिन पूरे देश में आयोजित हो रही संभाग स्तरीय कार्यशालाएं धरती का सुखद भविष्य सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प है। जल संरक्षण से कृषि तथा मानव के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध रहेगा। साथ ही मृदा का क्षरण रूककर संरक्षण होगा। वर्तमान में भूजल का दोहन अधिक मात्रा में किया जा रहा है। इसके मुकाबले रिचार्ज कम मात्रा में हो रहा है। इस कारण जल संरक्षण के माध्यम से भूजल का रिचार्ज बढ़ाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं की मरम्मत तथा नवीनीकरण किया जाना चाहिए। जल संरक्षण का कार्य जन समुदाय के सहयोग से ही अपना लक्ष्य प्राप्त कर सकता है। इसमें सरकार के साथ मिलकर गैर सरकारी संगठनों, भामाशाहों तथा उद्यमियों को सीएसआर फण्ड के माध्यम से कार्य करना चाहिए। स्थानीय मिट्टी तथा जल को केन्द्र में रखकर योजनाएं बनने से उनका लाभ अधिकतम व्यक्तियों तक पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की पहचान अब बदलने लगी है। पूर्व के रेतिलो राजस्थान का स्थान अब हरियालो राजस्थान ने ले लिया है। इसमें वर्तमान सरकार द्वारा किए गए वृ़क्षारोपण का विशेष योगदान है। गत वर्ष ही 11 करोड़ से अधिक वृक्ष लगाकर एक रिकॉर्ड बनाया गया। जल संरक्षण हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग रहा है। पुराने बावड़ियों तथा तालाब आज भी प्रासंगिक है। इनको बचाए जाने की आवश्यकता है। जल स्त्रोतों तथा इनके जलग्रहण क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखा जाना चाहिए। वर्षा जल को संरक्षित करने का स्वभाव बनाएं। अब तो सिंध नदी का जल भी भारत के विभिन्न राज्यों के लिए उपलब्ध रहेगा।
केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री श्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि जल संरक्षण से जमीन और किसान को बचाने में सहयोग मिलेगा। जल का संचय तथा संरक्षण करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्त्व है। भारतीय संस्कृति में जल को देवता माना जाता है। तालाब और बावड़ी बनाना पुण्य का कार्य है। राजस्थान में भूमि के अनुपात में जल कम है। इसलिए यहां जल संरक्षण की अधिक आवश्यकता है। यहां जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रकृति से छेड़खानी के कारण जलवायु परिवर्तित हो रही है। इसका प्रभाव हिमशिखरों, समुद्री जलतल तथा तापमान पर पड़ा है। इससे बचने के लिए जल संरक्षण करना पड़ेगा। किसान हमेशा एक और वर्षा की कामना करता रहा है। इस एक और वर्षा की पूर्ति जल संरक्षण से की जा सकती है। फार्म पोण्ड इसका बेहतरीन उदाहरण है। खेत का पानी खेत में तथा गांव का पानी गांव में रहने से किसान खुशहाल होंगे। इन्हीं किसानों की खुशहाली भारत को 2047 तक विकसित भारत बनाकर रहेगी।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की भौगोलिक संरचना के कारण यहां जल ग्रहण परियोजनाएं सर्वाधिक सफल होगी। किसानों को प्राकृतिक खेती को अपनाना चाहिए। इससे भूमि की उर्वरा शक्ति तथा उत्पादन दोनों में वृद्धि होगी। खेती में रसायनों के प्रयोग से बचना चाहिए। सरकार किसानों की आय को दोगुना करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
जिला प्रभारी तथा जल ग्रहण विभाग के अतिरिक्त निदेशक श्री राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि आगामी 16 दिसम्बर तक विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जल ग्रहण विकास एक सतत प्रक्रिया है। इसमें समाज के सभी वर्ग आगे आकर कार्य कर रहे हैं। इस क्षेत्र में किए गए कार्य समुदाय के लिए उपयोगी होने चाहिए। जल और जमीन एक दूसरे के पूरक हैं। मानव अपने लालच पर नियंत्रण रखकर धरती माता से जो चाहे ले सकता है।
उन्होंने कहा कि जल ग्रहण के संबंध में रील तथा फोटो बनाने पर व्यक्ति 50 हजार तक का पुरस्कार प्राप्त कर सकता है। राज्य स्तर पर चुनी गई 4 रील को 50-50 हजार रूपए मिलेंगे। इसी प्रकार 100 फोटोज को एक-एक हजार की राशि दी जाएगी। रील तथा फोटो भूमि संसाधन विभाग भारत सरकार के सोशल मीडिया पेज पर डालने होंगे। सर्वाधिक फॉलोवर वाली प्रविष्टियों को यह राशि प्रदान की जाएगी।
अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्रीमती दीप्ती शर्मा ने जल संरक्षण को वर्तमान समय की आवश्यकता बताया। वाटरशेड महोत्सव में अजमेर तथा ब्यावर जिले के पोस्टर, डीडवाना जिले के ट्राईफोल्ड, नागौर जिले की पुस्तिका, भीलवाड़ा जिले के लीफलेट, टोंक जिले के वाटरशेड कैलेण्डर का विमोचन किया गया। समारोह में पीरामल फाउण्डेशन अजमेर तथा टोंक जिले की डॉक्यूमेंट्री को रीलिज किया गया। संभाग की दो सर्वश्रेष्ठ परियोजनाओं रायपुर तथा मूण्डवा की जल ग्रहण समितियों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया। महोत्सव का शुभारम्भ कलश यात्रा के साथ हुआ।
महोत्सव में जल ग्रहण से संबंधित प्रदर्शनियों का भी प्रतिभागियों ने लाभ उठाया। फार्म पोण्ड की कृषि उत्पादन में उपयोगिता प्रदर्शित की गई। किसानों के लिए वरदान कांटे रहित कैक्टस के बारे में जानकारी दी गई। इस कांटे रहित कैक्टस का उपयोग सब्जी, जूस, सलाद, पशुचारा, उच्च फाइबर डाइट, डायबिटीज निवारक कैप्सूल, क्रीम, शैम्पू, पाउडर, चिप्स तथा वर्मी कम्पोस्ट के लिए किया जा सकता है। वानस्पतिक बीज बैंक के 21 बीजों को प्रदर्शन किया गया। जल संरक्षण से मगरा विकास तथा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की जानकारी भी दी गई। राजीविका महिलाओं के उत्पादों को सराहना मिली। कठपुतली शो का आयोजन भी किया गया।
इस अवसर पर जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री शिवदान सिंह, जल ग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री दिलीप जादवानी, अधिशाषी अभियंता श्री कपिल भार्गव एवं श्री श्याम लाल जांगिड़, महोत्सव के नोडल श्री शलभ टंडन उपस्थित रहे।