अभिभावकों ने निखारे अपने पेरेंटिंग स्किल्स
जयपुर: रायन एज्यूनेशन स्कूल में माय एफएम द्वारा आयोजित ‘बोल बचपन’ सत्र ने बच्चों और अभिभावकों दोनों के लिए मार्गदर्शन और प्रेरणा से भरा मंच प्रदान किया। कार्यक्रम में ऊर्जावान आरजे मोहित और प्रतिष्ठित पेरेंटिंग एवं टीन क्लैरिटी कोच, डॉ. गुरप्रीत कौर ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में हिस्सा लिया।
सत्र में बच्चों पर बुलिंग के प्रभाव, इस व्यवहार से निपटने की प्रभावी रणनीतियाँ और आत्मविश्वास बढ़ाने में सार्वजनिक भाषण की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। आरजे मोहित की ऊर्जावान प्रस्तुति शैली, युवाओं से जुड़ाव और जीवन से जुड़े प्रेरक उदाहरणों ने पूरे कार्यक्रम को अत्यंत प्रभावी और आकर्षक बनाया। उनकी लोकप्रियता का प्रभाव यह रहा कि बड़ी संख्या में अभिभावक भी इस सत्र से जुड़े।
पूर्व प्रिंसिपल, वरिष्ठ मनोवैज्ञानिक और लाइफ कोच डॉ. गुरप्रीत कौर ने बच्चों के व्यवहार, भावनात्मक स्वास्थ्य और प्रभावी पेरेंटिंग के महत्वपूर्ण पहलुओं पर गहन मार्गदर्शन दिया। उनका पेरेंटिंग प्लेटफ़ॉर्म डिकोडिंग पेरेंटिंग आज 80,000 से अधिक अभिभावकों द्वारा सराहा और अपनाया जा रहा है।
सत्र के दौरान अभिभावकों ने भी अपनी पेरेंटिंग चुनौतियाँ साझा कीं और विशेषज्ञ समाधान प्राप्त कर अपने बच्चों की बेहतर परवरिश का संकल्प लिया।
रायन एज्यूनेशन स्कूल के प्रधानाचार्य, डॉ. बहरुल इस्लाम ने कहा कि बदलते समय में बच्चों को समझ पाना अभिभावकों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनता जा रहा है, ऐसे में पेरेंटिंग टिप्स उनके लिए वरदान साबित होते हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल में बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों को भी ऐसे आयोजनों में शामिल कर उनकी पेरेंटिंग क्षमताओं को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जाता है।