जन समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एवं फ्लैगशिप योजनाओं में प्रगति के निर्देश
अजमेर, 29 दिसम्बर। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय विभागीय समन्वय एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा के साथ जन शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता, औसत निस्तारण समय तथा संतुष्टि प्रतिशत की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से 30 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने अधीनस्थ कार्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए जिले के औसत निस्तारण समय में निरंतर सुधार लाना सुनिश्चित करें।
जिला कलक्टर ने संतुष्टि प्रतिशत में वृद्धि पर भी जोर देते हुए कहा कि परिवादियों से समन्वय एवं संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए। बैठक में मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त सभी प्रकरणों का जिला स्तरीय अधिकारी स्वयं गंभीरता से परीक्षण करते हुए समयबद्ध रूप से उत्तर प्रेषण एवं निस्तारण सुनिश्चित करें तथा प्रकरणों की अद्यतन स्थिति संबंधित पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड की जाए।
इसके साथ ही जनकल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि योजनाओं की प्रगति नियमित रूप से मॉनिटर की जाए। जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की रैंकिंग में अजमेर जिले को अग्रणी बनाने के लिए सभी अधिकारी निष्ठा, उत्तरदायित्व एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर सुश्री ज्योति ककवानी, लोक सेवाओं की सहायक निदेशक श्रीमती विनीता स्वामी सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।