महावीर इंटरनेशनल अजयमेरू एवं पद्मावती केंद्रों द्वारा गणतंत्र दिवस पर विद्यार्थियों को स्वेटर वितरण

अजमेर।
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर महावीर इंटरनेशनल अजयमेरू एवं पद्मावती केंद्रों के संयुक्त तत्वावधान में जरूरतमंद विद्यार्थियों को गरम स्वेटर वितरित किए गए। यह सेवा कार्य वरुण सागर रोड स्थित लॉरेंस डे मिडिल स्कूल में आयोजित गणतंत्र दिवस ध्वजारोहण समारोह के दौरान संपन्न हुआ।
महावीर इंटरनेशनल रीजन–3 के उपनिदेशक (प्रचार-प्रसार) कमल गंगवाल एवं अजयमेरू केंद्र के चेयरमैन गजेंद्र पंचोली ने जानकारी देते हुए बताया कि लॉरेंस डे मिडिल स्कूल के विद्यार्थियों को मौके पर ही गरम स्वेटर वितरित किए गए, वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सनाडिया के विद्यार्थियों के लिए स्वेटर उनके विद्यालय के शिक्षकों को सौंपे गए, ताकि उन्हें समय पर वितरित किया जा सके।
इस अवसर पर लॉरेंस डे मिडिल स्कूल के गणतंत्र दिवस समारोह में शाला प्रबंधन द्वारा महावीर इंटरनेशनल अजयमेरू एवं पद्मावती केंद्रों के पदाधिकारियों का सम्मान भी किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए कमल गंगवाल ने विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस का महत्व बताते हुए नागरिक कर्तव्यों और मूल्यों पर प्रकाश डाला। शाला प्रबंधन की ओर से प्रेम कुमार जैन ने उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के पश्चात महावीर इंटरनेशनल अजयमेरू एवं पद्मावती केंद्रों की संयुक्त मासिक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें आगामी फरवरी माह में किए जाने वाले सेवा कार्यों पर चर्चा की गई। इस दौरान अजयमेरू केंद्र के चेयरमैन गजेंद्र पंचोली द्वारा फरवरी माह में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।
इस कार्यक्रम में गजेंद्र पंचोली, कमल गंगवाल, लोकेश जैन सोजतिया, राजकुमार गर्ग, विजय जैन पांड्या, अनिल लोढ़ा, निक्की जैन, निकिता पंचोली, पूर्णिमा लोढ़ा, कुसुमलता जैन सहित अन्य सदस्यों ने सहभागिता की।

error: Content is protected !!