खुशियों की मुस्कान के साथ मनाया गया विश्व ऑटिज़्म जागरूकता दिवस

अद्वैत सेंटर के बच्चों ने मित्तल मॉल में लिया आनंद”
अजमेर दिनांक 02 अप्रैल 2026 |
विश्व ऑटिज़्म जागरूकता दिवस के अवसर पर अद्वैत अर्ली इंटरवेंशन सेंटर, अजमेर द्वारा एक संवेदनशील एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समावेशन, समझ और सामाजिक सहभागिता का सशक्त संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत सेंटर के  बच्चों को अजमेर स्थित मित्तल मॉल ले जाया गया, जहाँ उनके लिए अनुकूल एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया गया। बच्चों ने सॉफ्ट प्ले ज़ोन में खेलते हुए और ट्रेन राइड का आनंद लेते हुए उत्साह और खुशी का अद्भुत प्रदर्शन किया। इसके बाद फूड कोर्ट में सामूहिक रूप से स्नैक्स का आनंद लेते हुए बच्चों ने सामाजिक व्यवहार और सहभागिता का अभ्यास किया, जो उनके समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहा।
इस अवसर पर संस्था सचिव एवं मुख्य कार्यकारी   क्षमा आर. कौशिक ने इस विजिट का उद्देश्य बताते हुए कहा कि “ऐसे आयोजन बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और समाज में ऑटिज़्म के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।”
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि अशोक छाजेड (अध्यक्ष, श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथ सभा, अजमेर) तथा विशिष्ट अतिथि श्री पदम जैन (मंत्री, श्री महावीर स्मारक सेवा समिति) एवं प्रधानाध्यापक ईश्वर शर्मा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को भी उपयोगी मार्गदर्शन दिया गया, जिसमें हाइपरएक्टिव बच्चों को शांत करने के लिए डीप प्रेशर तकनीक और श्वास-प्रश्वास अभ्यास जैसे उपाय साझा किए गए।
अद्वैत सेंटर के स्टाफ द्वारा पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय किया गया, वहीं सागर कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहयोग देकर आयोजन को सफल बनाया।
अंत में संस्था द्वारा मित्तल मॉल परिवार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
राकेश कुमार कौशिक
निदेशक
9829140992
error: Content is protected !!