निबंध, वाद-विवाद एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
अजमेर। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में डॉ. बी आर अम्बेडकर शोधपीठ के तत्वावधान में विभिन्न रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में बाबा साहेब के विचारों—समानता, न्याय एवं स्वतंत्रता—के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
निदेशक प्रो शिव प्रसाद ने बताया कि कार्यक्रम की श्रृंखला के अंतर्गत प्रथम दिन 7 अप्रैल 2026 (मंगलवार) को निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय था —
“आधुनिक भारत के लिए बाबा साहेब के विचार”
इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बाबा साहेब के विचारों की समकालीन प्रासंगिकता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
द्वितीय दिन 8 अप्रैल 2026 (बुधवार) को वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका विषय था —
“क्या आज का भारत डॉ. अंबेडकर का सपना पूरा कर पाया है?”
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने तार्किक एवं तथ्यपूर्ण तर्क प्रस्तुत करते हुए विषय के पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार रखे, जिससे एक स्वस्थ बौद्धिक वातावरण का निर्माण हुआ।
तृतीय दिन 9 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका विषय था —
“समानता, न्याय व स्वतंत्रता: अंबेडकर का सपना”
विद्यार्थियों ने अपनी सृजनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से बाबा साहेब के मूल्यों को आकर्षक एवं प्रभावी रूप में प्रस्तुत किया।
इन तीनों प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
शोधपीठ द्वारा सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा गया कि इस प्रकार के आयोजन न केवल विद्यार्थियों की रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं, बल्कि उन्हें राष्ट्रनिर्माण के मूल्यों से भी जोड़ते हैं।