ब्यावर। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति, ब्यावर द्वारा संचालित श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ, ब्यावर में शीघ्र ही अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा। इस केंद्र में राजस्थान कुश्ती संघ के मार्गदर्शन में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त कुश्ती अखाड़ा तैयार किया जाएगा तथा अनुभवी एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों के सान्निध्य में विद्यार्थियों को नियमित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए राजस्थान कुश्ती संघ के पदाधिकारी आज विद्यालय परिसर पहुंचे। इस अवसर पर संघ के कोषाध्यक्ष श्री दिनेश मुर्जानी, उपाध्यक्ष श्री अजय ठाकुर, संयुक्त सचिव श्री अनिल तेजवानी, एग्जीक्यूटिव सदस्य श्री राम जाट तथा श्री सुरेंद्र चतुर्वेदी ने विद्यालय में प्रस्तावित कुश्ती केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पदाधिकारियों ने शीघ्र ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ पूर्ण कर विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का विश्वास दिलाया।
विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का स्नेहपूर्ण स्वागत किया गया। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति, ब्यावर के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने अतिथियों का अपरना पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर डॉ. पारख ने राजस्थान कुश्ती संघ द्वारा श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ को कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र की मान्यता प्रदान किए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए संघ के पदाधिकारियों का आभार प्रकट किया।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने की सोच के साथ इस केंद्र की स्थापना की जा रही है। विद्यालय के विद्यार्थी पहले से ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण मिलने के बाद वे निश्चित रूप से कुश्ती के क्षेत्र में भी विद्यालय का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित करेंगे।
प्रधानाचार्य डॉ. निवेदिता पाठक ने विश्वास व्यक्त किया कि कुश्ती संघ के मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षकों के विशेष प्रशिक्षण से विद्यालय के खिलाड़ी अनुशासन, परिश्रम और तकनीकी दक्षता के साथ आगे बढ़ेंगे तथा भविष्य में प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय में स्थापित होने वाला यह कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगा।