मां से बढ़कर दुनियां में कोई नहीं… वर्द्धमान रूट्स में मदर्स डे सेलिब्रेशन..

श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित शिक्षण संस्थान… वर्द्धमान इंटरनेशनल स्कूल वर्द्धमान रूट्स में मदर्स डे का भव्य एवं यादगार आयोजन किया गया
वर्द्धमान रूट्स स्कूल में मदर्स डे के मौके पर एक बेहद शानदार, उत्साहपूर्ण और भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने सभी के दिलों को छू लिया। वर्द्धमान ऑडिटोरियम को रंग-बिरंगी सजावट, गुब्बारों और सुंदर थीम डेकोरेशन से सजा गया।
इस विशेष अवसर पर विद्यालय में बच्चों की दादी एवं माताओं का पारंपरिक तिलक एवं मांगलिक के साथ स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर प्रेम, सम्मान और आत्मीयता के रंगों से सराबोर नजर आया।
वर्द्धमान ऑडिटोरियम में
कार्यक्रम की शुरुआत नवकार मंत्र एवं मंगलाचरण के साथ हुई।  जिसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी प्यारी मम्मियों के लिए मनमोहक नृत्य और गीत प्रस्तुत किए। बच्चों के चेहरे की खुशी और माताओं की आंखों में गर्व की चमक ने माहौल को और भी खास बना दिया।
इस अवसर पर विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, माताओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और अपने हुनर का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के तीन विशेष राउंड आयोजित किए गए, जिनमें रैंप वॉक राउंड, परफॉर्मेंस राउंड एवं जज राउंड शामिल रहे। रैंप वॉक राउंड में सभी महिलाओं ने पूरे आत्मविश्वास और आकर्षक अंदाज के साथ मंच पर अपनी शानदार प्रस्तुति दी। वहीं परफॉर्मेंस राउंड में किसी ने नृत्य, किसी ने गीत, तो किसी ने अपनी कला एवं हुनर से सभी का दिल जीत लिया।                                  कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती नीलू जैन(प्राचार्या सेंट्रल अकादमी स्कूल) एवं निर्णायक की भूमिका श्रीमती अंतिमा जैन, श्रीमती कीर्ति मालपानी ने निभाई। समस्त निर्णायकों ने निष्पक्ष निर्णय के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और कार्यक्रम की सराहना की।
जज राउंड में प्रतिभागियों से रोचक प्रश्न पूछे गए, जिनका महिलाओं ने बेहद समझदारी और आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया। सभी प्रतिभागियों ने अपने टैलेंट और व्यक्तित्व से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। अलग-अलग महिलाओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं विशेष प्रतिभा के अनुसार पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस विशेष प्रतियोगिता में श्रीमती शेफाली ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से “मिसेज वर्द्धमान रूट्स क्वीन” का खिताब अपने नाम किया।
श्रीमती विनीता प्रथम रनर-अप एवं श्रीमती सपना द्वितीय रनर-अप रहीं।
कार्यक्रम में विभिन्न विशेष प्रतिभाओं के लिए भी महिलाओं को सम्मानित किया गया। बेस्ट रैंप वॉक का खिताब श्रीमती कोमल को प्रदान किया गया। बेस्ट ब्यूटीफुल स्माइल का सम्मान श्रीमती श्रुति को मिला। बेस्ट स्टनिंग पर्सनालिटी के लिए श्रीमती विभा को सम्मानित किया गया। वहीं नज़ाकत की मिसाल का विशेष सम्मान श्रीमती अंकिता को दिया गया तथा श्रीमती शेफाली को “श्रीमती बहुमुखी प्रतिभा वाली महिला” के खिताब से नवाजा गया।  कार्यक्रम के दौरान हंसी, खुशी और भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला।
विद्यालय की प्राचार्या श्वेता नाहर मैम ने अपने प्रेरणादायक शब्दों में कहा कि “माँ का स्थान जीवन में सबसे ऊँचा होता है, उनका प्यार और त्याग अनमोल है।” उन्होंने सभी माताओं को धन्यवाद देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया और माताओं के लिए विशेष सरप्राइज गिफ्ट्स भी दिए गए। यह आयोजन न केवल मनोरंजन से भरपूर रहा, बल्कि माँ-बच्चे के रिश्ते को और भी मजबूत बनाने वाला साबित हुआ।
वास्तव में, वर्द्धमान रूट्स स्कूल का यह मदर्स डे सेलिब्रेशन बेहद शानदार और यादगार रहा, जिसे सभी ने लंबे समय तक संजोकर रखने का वादा किया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!