*सिंगल मदर्स के सम्मान में भावुक शाम, संघर्ष और आत्मबल को मिला सलाम*

“ *सशक्त मां, सशक्त भविष्य”* कार्यक्रम में मातृशक्ति ने साझा किए जीवन संघर्ष। मौका था पूर्वांचल जन चेतना समिति व प्लीज मॉम डे केयर की पहल बनी प्रेरणा
भीलवाड़ा | मदर्स डे की पूर्व संध्या पर पूर्वांचल जन चेतना समिति चैरिटेबल ट्रस्ट एवं प्लीज मॉम डे केयर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “सशक्त मां, सशक्त भविष्य” कार्यक्रम शहर में संवेदनाओं, सम्मान और आत्मीयता का अनूठा संगम बन गया। कार्यक्रम में उन सिंगल मदर्स को सम्मानित किया गया जिन्होंने जीवन की कठिन परिस्थितियों, संघर्षों और त्याग के बावजूद अपने बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए दिन-रात मेहनत कर समाज के सामने प्रेरणा प्रस्तुत की। कार्यक्रम में उपस्थित माताओं ने अपने जीवन के संघर्ष, दुख-सुख और अनुभव साझा किए, जिससे पूरे माहौल में भावुकता, आत्मविश्वास और अपनत्व का विशेष वातावरण बन गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्वांचल जन चेतना समिति चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से ऋषि राज मिश्रा ने सभी अतिथियों एवं मातृशक्ति का अभिनंदन कर की। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों एवं जनहित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता बताई।
इसके उपरांत कार्यक्रम संयोजक अनुराधा झा एवं शिल्पी सिंह ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सभी प्रतिभागियों का परिचय कराया और सभी को आपस में जोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान माताओं ने खुलकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं और एक-दूसरे के अनुभव सुनकर आत्मिक जुड़ाव महसूस किया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। डॉ. प्रति अरोड़ा, मीणा देवी झा, प्रियांशी काबरा, विजेता सोनी एवं शिवांशी सोनी ने मिमिक्री प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं सोनिया सोनी एवं उनकी पुत्री गौरिका सोनी ने भवाई नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंकिता भारद्वाज की शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति ने पूरे आयोजन में सांस्कृतिक गरिमा का रंग भर दिया।
संस्था के संस्थापक रघुवीर शर्मा की इस पहल की सभी ने सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसी माताओं को सम्मान और मंच मिलना बेहद जरूरी है, जो परिवार से अलग होने के बाद भी अपने बच्चों के लिए हर चुनौती का सामना करते हुए आत्मनिर्भर जीवन जी रही हैं।
पूर्वांचल समिति के संस्थापक अध्यक्ष रजनीश वर्मा ने बताया की कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्लीज मॉम डे केयर संस्थान की भी महत्वपूर्ण एवं सक्रिय भूमिका रही, जिसने पूरे आयोजन को आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ सफल बनाने में सहयोग दिया।
कार्यक्रम के अंत में जवाहर फाउंडेशन के प्रभारी वैभव जोशी ने सभी का आभार व्यक्त किया तथा “स्वाभिमान भोज” की जानकारी देते हुए सभी अतिथियों को स्नेह भोज के लिए आमंत्रित किया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि ऐसे आयोजनों से समाज में संवाद, सहयोग और आत्मीयता का नया वातावरण बनता है, जहां लोग खुलकर अपनी भावनाएं साझा कर सकते हैं और एक-दूसरे का संबल बन सकते हैं।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!