महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय परिसर में “जल चौपाल” का आयोजन

चाकसू । वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान-2026 का आज दिनांक 04.06.2026 को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय परिसर में “जल चौपाल” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अतिथि के रूप में कन्हैया लाल मीणा पूर्व मंत्री, रामअवतार बैरवा विधायक विधानसभा क्षेत्र चाकसू, हरिमोहन शर्मा जिला उपाध्यक्ष भाजपा, रामधन सैनी जिला प्रवक्ता, मण्डल अध्यक्ष किशन थाभाई मण्डल अध्यक्ष व अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधियों का फूल मालाओं, दुपट्टा एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री कन्हैया लाल मीणा द्वारा उद्बोधन में जानकारी दी गई कि राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार जल संरक्षण, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जब सुरक्षित जल होगा तभी सुरक्षित कल होगा। क्षेत्र में अधिक से अधिक एनिकटों के निर्माण से भूजल स्तर में सुधार होगा, कुएं एवं बावड़ियाँ पुनर्जीवित होगी तथा लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
विधायक माननीय रामअवतार बैरवा द्वारा उपस्थित आमजन से अपने आस-पास के जल स्रोतों, कुओं, तालाबों की नियमित रूप से सफाई व संरक्षण करने की अपील करते हुए कहा कि जल बचाना आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित बनाना है। वर्षा का पानी बहकर बाहर ना जाये। “खेत का पानी खेत में व खुद का पानी खुद में” वाली कहावत को चरितार्थ करना होगा तभी खेतों की उपज बढ़े, कटाव नहीं हो तथा भू-जल स्तर में वृद्धि हो सके।
जल चौपाल के उपरान्त पूर्व मंत्री, चाकसू विधायक, जिला उपाध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा पौधारोपण एवं पीपल पूजन भी किया गया। हरिमोहन शर्मा, जिला उपाध्यक्ष द्वारा सभी ग्रामवासियों को यह बताया कि “जल है तो जीवन है” इसका समुचित उपयोग कर एवम् बचत करके ही आने वाली पीढ़ी के लिए पीने का पानी सुरक्षित होगा।
कार्यक्रम के अन्त में संजीव विजयवर्गीय, अधिशाषी अभियंता, जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण चाकसू द्वारा सभी गणमान्य अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवम् जनसमुदाय को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी से अपील की गई कि मुख्यमंत्री एवम् राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी योजना – मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन योजना में स्वीकृत पंचायत समिति चाकसू की 11 ग्राम पंचायतों के 24 ग्रामों में जल संरक्षण के कार्र्य करवाये। कार्यक्रम में मोनिका सहायक अभियंता, दीपक मीना कनिष्ठ अभियंता, अनेक जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी एवम् नागरिक उपस्थित हुए।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!