तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवन के लिए प्राणायाम एवं ध्यान सत्र आज से

सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय अजमेर के महात्मा गाँधी सभागार में होगा आयोजन 

विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी के अखिल भारतीय योग प्रमुख रवि शर्मा कराएँगे ध्यान का अभ्यास 

अजमेर। आधुनिक जीवनशैली, अत्यधिक प्रतिस्पर्धा, भागदौड़ एवं मानसिक दबाव के कारण बढ़ते तनाव से मुक्ति दिलाने तथा समाज में मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी, राजस्थान प्रांत द्वारा अजमेर नगर में तीन दिवसीय “तनाव प्रबंधन : प्राणायाम एवं ध्यान सत्र” का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष सत्र 9 जून से 11 जून 2026 तक प्रतिदिन शाम 6:00 बजे से 7:30 बजे तक सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय, अजमेर स्थित महात्मा गांधी सभागार में आयोजित होगा, जिसमें प्रतिभागियों के लिए रिपोर्टिंग समय शाम 5:45 बजे निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम का मार्गदर्शन विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी के अखिल भारतीय योग प्रमुख माननीय श्री रवि शर्मा द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्राणायाम, ध्यान एवं योग की भारतीय परंपरा पर आधारित वैज्ञानिक पद्धतियों के माध्यम से मानसिक तनाव, चिंता, अवसाद एवं नकारात्मकता से मुक्ति प्राप्त करने के व्यावहारिक उपाय बताए जाएंगे। साथ ही दैनिक जीवन में मानसिक संतुलन, सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास एवं कार्यक्षमता बढ़ाने हेतु योग एवं ध्यान की उपयोगिता पर भी विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा।

नगर प्रमुख अंकुर प्रजापति के अनुसार वर्तमान समय में युवाओं, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज का प्रत्येक वर्ग तनाव, अनियमित दिनचर्या एवं मानसिक असंतुलन जैसी समस्याओं का सामना कर रहा है। ऐसे समय में भारतीय योग परंपरा एवं ध्यान पद्धति जीवन को संतुलित, शांत एवं ऊर्जावान बनाने का प्रभावी माध्यम बन सकती है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए यह विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार के प्राणायाम, ध्यान तकनीक, श्वसन अभ्यास एवं मानसिक एकाग्रता बढ़ाने के उपायों का अभ्यास भी कराया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल योगाभ्यास तक सीमित न होकर स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय संस्कृति, योग एवं आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति जनजागरण का संदेश भी दिया जाएगा।

विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी, राजस्थान प्रांत के डॉ स्वतंत्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम पूर्णतः निशुल्क है तथा इसमें महिला एवं पुरुष दोनों सहभागी हो सकते हैं। अजमेर नगर के सभी आम नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विवेकानंद केंद्र के कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में सहभागी बनने हेतु आमंत्रित किया गया है। आयोजकों ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस प्रेरणादायी एवं स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रम का लाभ लेने का आग्रह किया है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!