पदों में हुई बढ़ोतरी, संशोधित वर्गवार वर्गीकरण जारी
अजमेर, 8 जून। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा प्राध्यापक, प्राध्यापक-कृषि एवं कोच (स्कूल शिक्षा) भर्ती 2025 के अंतर्गत विभाग द्वारा इन पदों की संख्या में वृद्धि किए जाने के बाद नया वर्गवार वर्गीकरण अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है।
आयोग सचिव ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग के लिए प्राध्यापक एवं कोच (स्कूल शिक्षा) के विभिन्न 27 विषयों के कुल 3225 पदों पर भर्ती हेतु विज्ञापन संख्या 06/2025-26 दिनांक 17.07.2025 को जारी किया गया था। इसके साथ ही, प्राध्यापक-कृषि (स्कूल शिक्षा) के 500 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन संख्या 09/2025-26 दिनांक 28.08.2025 को निकाला गया था।
अब संबंधित विभाग द्वारा प्राध्यापक, कोच और प्राध्यापक-कृषि के विभिन्न विषयों के पदों की संख्या में बढ़ोतरी कर दी गई है। इस वृद्धि के बाद आयोग ने नया वर्गवार वर्गीकरण तैयार कर क्रमशः शुद्धि पत्र संख्या 08/2026-27 एवं शुद्धि पत्र संख्या 09/2026-27 जारी कर दिया है। अभ्यर्थी इस संशोधित वर्गीकरण एवं विस्तृत जानकारी का अवलोकन आयोग की वेबसाइट पर कर सकते हैं। उक्त विज्ञापनों की शेष सभी शर्तें और नियम पूर्व की तरह यथावत् रहेंगे।