ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन 18 जून को भी जारी रहेगा

ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर मिलेंगी जनसेवाएं

     अजमेर, 17 जून। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं स्थानीय स्तर पर समाधान तथा विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन आगामी दिवस 18 जून को भी जारी रहेगा।

     जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत 15 जुलाई तक प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सोमवार से शुक्रवार तक नियमित रूप से ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गुरुवार, 18 जून को अजमेर जिले के विभिन्न उपखंड क्षेत्रों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें उपखंड क्षेत्र अजमेर ग्रामीण की ग्राम पंचायत नरवर, अरांई में पंचायत समिति स्तर पर, केकड़ी की ग्राम पंचायत जूनिया, नसीराबाद की ग्राम पंचायत मावशिया, रूपनगढ़ की ग्राम पंचायत हरमाड़ा, सरवाड़ की ग्राम पंचायत अजगरा, सावर की ग्राम पंचायत गिरवरपुरा तथा पीसांगन की ग्राम पंचायत रामपुरा-डाबला में ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

     इसी प्रकार नगरीय निकाय क्षेत्रों में शहरी सेवा शिविरों का आयोजन वार्डवार किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही सेवाएं एवं समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

 वर्षों पुरानी राजस्व अभिलेख की त्रुटि हुई दूरकिसान ने जताया आभार

     राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इसी क्रम में तहसील पीसांगन की ग्राम पंचायत पिचौलिया में आयोजित ग्राम सेवा शिविर में एक किसान की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होने से उसे बड़ी राहत मिली।

     ग्राम पिचौलिया निवासी किसान राजेन्द्र सिंह पुत्र रघुवीर सिंह राजपूत के नाम के साथ राजस्व जमाबंदी अभिलेखों में उनकी जाति गलत दर्ज थी। राजस्व रिकॉर्ड में उनकी जाति जाट अंकित होने के कारण उन्हें विभिन्न प्रशासनिक एवं दस्तावेजी कार्यों में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

     ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान राजेन्द्र सिंह ने अपनी समस्या बताते हुए जमाबंदी में जाति संशोधन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। शिविर में मौजूद राजस्व अधिकारियों द्वारा आवेदन प्राप्त कर आवश्यक जांच एवं अभिलेखों के परीक्षण के बाद उनकी वास्तविक जाति ष्राजपूतष् दर्ज करते हुए जाति दुरस्तीकरण का आदेश जारी किया गया।

     वर्षों से चली आ रही इस समस्या के समाधान के बाद राजेन्द्र सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राजस्थान सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निस्तारण हो रहा है, जिससे लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।

मौके पर हुआ समाधानकिसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

     राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 अन्तर्गत पंचायत समिति श्रीनगर की ग्राम पंचायत कानपुरा में आयोजित शिविर में कृषि भूमि के बंटवारे से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मामला मौके पर ही सुलझाकर किसानों को बड़ी राहत प्रदान की गई।

     ग्राम कानपुरा निवासी शंकर सिंह पुत्र गुमान सिंह राजपूत तथा रामराज, हेमराज एवं हंसराज पुत्रगण देवकरण जाट के मध्य खसरा संख्या 4106/1 स्थित कृषि भूमि के बंटवारे को लेकर लंबे समय से सहमति नहीं बन पा रही थी। लगभग 3.3 बीघा कृषि भूमि के विभाजन को लेकर सभी पक्षों के बीच मतभेद होने के कारण मामला लंबित था।

     ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान राजस्व अधिकारियों एवं प्रशासनिक टीम ने सभी पक्षों को समझाइश कर आपसी सहमति बनाने का प्रयास किया। अधिकारियों की सकारात्मक पहल और संवाद के परिणामस्वरूप सभी काश्तकार बंटवारे के लिए सहमत हो गए। इसके बाद शिविर में ही आवश्यक राजस्व प्रक्रिया पूरी करते हुए भूमि का बंटवारा कर दिया गया।

     वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान होते ही सभी संबंधित काश्तकारों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर की सराहना करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। किसानों ने कहा कि शिविर के माध्यम से उनकी समस्या का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान हुआ, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली।

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत विधवा को मिली दो लाख रुपये की बीमा राशि

     ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आमजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और पात्र व्यक्तियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत कानस में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में एक पात्र हितग्राही को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत दो लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई।

     ग्राम पंचायत कानस निवासी स्वर्गीय नारायण सिंह के निधन के उपरांत उनकी पत्नी शारदा देवी को योजना विभाग के माध्यम से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना अंतर्गत स्वीकृत बीमित राशि का लाभ प्रदान किया गया। ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान उन्हें दो लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा गया।

     यह चेक शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी पुष्कर गुरु प्रसाद तंवर, विकास अधिकारी सुधीर पाठक, तहसीलदार पुष्कर इंद्रजीत सिंह चौहान तथा ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी मुकेश कुमार गोयल की उपस्थिति में प्रदान किया गया।

     बीमा राशि प्राप्त होने पर शारदा देवी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन समय में यह आर्थिक सहायता उनके परिवार के लिए संबल साबित होगी। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए ग्रामीण सेवा शिविरों की सराहना की। साथ ही प्रशासन का धन्यवाद किया।

ग्राम काठोता निवासी किसान को मिली बड़ी राहतराजस्व अभिलेखीय कार्यवाही पूर्ण

     राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 अन्तर्गत ग्राम पंचायत भदूण में आयोजित शिविर के दौरान ग्राम काठोता निवासी एक किसान की वर्षों पुरानी राजस्व संबंधी समस्या का समाधान किया गया।

     ग्राम काठोता निवासी गणपत माली पुत्र गोविन्द माली की खातेदारी भूमि खाता संख्या 33 के अंतर्गत बंटवारे से संबंधित कार्यवाही लंबे समय से लंबित थी, जिसके कारण उन्हें राजस्व संबंधी विभिन्न कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

     ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान गणपत माली ने ग्रामीणों की सहमति के साथ भूमि बंटवारे हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिविर प्रभारी द्वारा तत्काल जांच के निर्देश दिए गए। इसके पश्चात पटवारी भदूण द्वारा मौके पर ही बंटवारा प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत किया गया, जिसे शिविर प्रभारी द्वारा स्वीकृत करते हुए आवश्यक अभिलेखीय कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किए गए।

     शिविर में मौके पर ही समस्या का समाधान होने से लाभार्थी गणपत माली एवं उनके परिवारजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए ग्रामीण सेवा शिविरों को आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से वर्षों से लंबित समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान संभव हो पा रहा है।

     ग्रामीणों ने भी शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए राज्य सरकार एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस प्रकार के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व, पंचायती राज एवं अन्य विभागीय सेवाओं को आमजन के द्वार तक पहुंचाकर प्रभावी जनसेवा का माध्यम बन रहे हैं।

ग्राम पिचौलिया में आवेदक को मिला भू-अधिकारचेहरे पर दिखी खुशी

     राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 अन्तर्गत पंचायत समिति पीसांगन की ग्राम पंचायत पिचौलिया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में एक लंबित पट्टा प्रकरण का सफल निस्तारण किया गया।

     ग्राम पिचौलिया निवासी रामाकिशन पुत्र नारायण जाट का पट्टा संबंधी आवेदन पूर्व से लंबित था, जिसका निस्तारण ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान किया गया। शिविर में आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए आवेदक को विधिवत पट्टा जारी किया गया।

     पट्टा प्राप्त होने पर रामाकिशन के चेहरे पर अत्यधिक खुशी और संतोष झलक रहा था। उन्होंने राज्य सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो रहा है।

तिलोनिया में आयोजित शिविर में लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ

     राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत ग्राम पंचायत तिलोनिया के भारत निर्माण सेवा केन्द्र पर आज भव्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के समस्या समाधान काउंटर स्थापित कर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

     शिविर में प्रमुख शासन सचिव श्री नीरज के. पवन, शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी श्रीमती निशा सहारण, तहसीलदार श्री सज्जन कुमार लाटा, विकास अधिकारी श्रीमती रेखा मीणा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री तरुण प्रसाद वैष्णव तथा प्रशासक तिलोनिया श्री नन्दलाल भादू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी शिविर में शामिल हुए।

     शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा उल्लेखनीय कार्य संपादित किए गए। इनमें 13 जरूरतमंदों को पट्टे, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 लाभार्थियों को द्वितीय किस्त जारी, 24 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री संबल पशु बीमा पॉलिसी, 23 कृषकों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित, 160 पशुओं का उपचार एवं दवा वितरण, 2 सामाजिक सुरक्षा पेंशन आवेदन स्वीकृत, 4 विद्यालयों से संबंधित पट्टा आवेदन, पालनहार योजना के अंतर्गत 10 अध्ययन प्रमाण-पत्र जारी, 7 हैंडपंप मरम्मत प्रकरण, 55 जन्म प्रमाण पत्र आवेदन तथा पीईईओ स्तर पर सत्र 2026-27 हेतु 95 विद्यार्थियों का नामांकन’’ प्रमुख रहे।

     शिक्षा विभाग का काउंटर प्रधानाचार्य श्री अनुरोध गोकटे, प्रधानाध्यापक श्री जगमाल गुर्जर, पीटीआई श्री भागचंद जाट तथा पंचायत शिक्षक श्री गोपाल जाट, प्रधान जाट एवं सुखपाल गुर्जर के सहयोग से संचालित किया गया। इस काउंटर पर जाति, आय एवं मूल निवास प्रमाण पत्र, लाड़ो एवं पालनहार योजना तथा शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की गई।

     शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा रियांशी एवं आरवी का जन्मोत्सव कार्यक्रम भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। साथ ही प्रमुख शासन सचिव की उपस्थिति में पीईईओ तिलोनिया के विद्यार्थियों को पालनहार योजना के अंतर्गत अध्ययन प्रमाण-पत्र वितरित किए गए, जिससे अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई।

     प्रमुख शासन सचिव द्वारा शिविर की संपूर्ण व्यवस्था एवं विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रशंसा की गई। उन्होंने कहा कि ऎसे शिविरों के माध्यम से सरकार की योजनाएं सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!