प्रत्येक पात्र व्यक्ति को तय समय सीमा में दे पट्टा- देवनानी

विधानसभा अध्यक्ष ने शहरी सेवा शिविरों की समीक्षा

एडीए एवं नगर निगम को दिए निर्देश

अजमेर उत्तर को मिलेगी चार नई सड़कों की सौगात

     अजमेर, 28 जून। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने नगर निगम एवं अजमेर विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए हैं कि राज्य सरकार द्वारा आमजन को राहत देने के लिए शुरू किए गए शहरी सेवा शिविरों में प्रत्येक पात्र व्यक्ति को तय समय सीमा में पट्टा व अन्य सुविधाओं का लाभ दिया जाए। श्री देवनानी की अनुशंसा पर अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा दो अहम सड़कों के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इनके साथ ही दो अन्य सड़कों का भी चौड़ाईकरण करवाया जाएगा।

     विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने एडीए एवं नगर निगम आयुक्त श्रीमती नित्या के. सहित अन्य अधिकारियों के साथ शहरी सेवा शिविरों व अन्य मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने आमजन के हितों के लिए शहरी सेवा शिविर शुरू किए हैं। इनका पूरा लाभ आमजन को मिलना चाहिए। प्रत्येक पात्र आवेदन को निर्धारित समय सीमा में पट्टा व अन्य सुविधाओं का लाभ मिले।

     उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं तथा आमजन से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में नगर निगम से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। श्री देवनानी ने शिवाजी महाराज की प्रतिमा को वीर उद्यान में स्थापित करने के लिए कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने वरुण सागर में भगवान झूलेलाल की प्रतिमा स्थापना, शहरी सेवा शिविरों की सतत मॉनिटरिंग तथा कच्ची बस्तियों के नियमन एवं पात्र परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर पट्टे वितरण की समीक्षा की।

     श्री देवनानी ने जयपुर की हिंगोनिया गौशाला की तर्ज पर अजमेर नगर निगम के कांजी हाउस गौशाला के संचालन के लिए एमओयू की प्रक्रिया को गति देने, वर्षा ऋतु से पूर्व सभी नालों की सफाई, अवैध ठेलों के संचालन पर प्रभावी कार्रवाई तथा सावित्री कॉलेज से विजय लक्ष्मी पार्क एवं नागफणी तिराहे सहित रुके हुए नालों के निर्माण कार्य, आनंद नगर, विकासपुरी, शांतिपुरा एवं एलआईसी कॉलोनी की क्षतिग्रस्त सड़कों के पेंचवर्क, पुरानी मंडी के सार्वजनिक शौचालय के निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

     बैठक में काजीपुरा, रावत नगर, भैरू खेजड़ा के पास, पीपली चौक, न्यू गोटा कॉलोनी, कृष्णा विहार, वरूण सागर रोड़ की कॉलोनियों में नियमित सफाई व्यवस्था, नागफणी तिराहे एवं बघिर विद्यालय के पास, पर सीवरेज चैंबर की स्थायी समस्या के समाधान, कचहरी रोड स्थित एलिवेटेड रोड (रामसेतु) के नीचे बनने वाले जिग-जैग डिवाइडर में व्यापारियों के सुझावों को शामिल करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने ई-बस सेवा के संचालन की तैयारियों की भी समीक्षा की।

नई सड़कों की मिलेगी सौगात

     अजमेर विकास प्राधिकरण की समीक्षा के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने नोसर से चौरसियावास होते हुए पृथ्वीराज नगर तक नई सड़क, टेलीफोन एक्सचेंज चौराहे से चामुंडा तिराहा, वरुण सागर तिराहा से खरेखड़ी मार्ग तथा भैरूवाड़ा-माकड़वाली-नागौर हाईवे तक प्रस्तावित नई सड़कों के प्रस्तावों की जानकारी ली।

     उन्होंने प्राधिकरण से निगम को हस्तातंरित माकड़वाली भक्ति धाम मार्ग एवं एमडीएस तिराहे से अंबेडकर सर्किल तक सड़क के रखरखाव, वरुण सागर सौंदर्यीकरण की डीपीआर तथा प्रस्तावित आध्यात्मिक केंद्र की प्रगति की भी समीक्षा की। श्री देवनानी ने जयपुर रोड पर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान, विधायक कोष से अनुशंसित विकास कार्यों की तकनीकी स्वीकृतियां (टीएस) शीघ्र जारी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!