विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने दी सौगात

कस्तूरबा एवं डिग्गी बाजार स्वास्थ्य केन्द्रों को मिली पोर्टेबल एक्स-रे मशीनेंपल्स पोलियो अभियान का भी शुभारम्भ

अजमेर उत्तर चिकित्सा सुविधाओं का नया हब बन रहा है- श्री देवनानी

     अजमेर, 28 जून। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रविवार को स्वास्थ्य केन्द्र कस्तूरबा में आयोजित कार्यक्रम में कस्तूरबा एवं डिग्गी बाजार स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए डीएमएफटी मद से स्वीकृत पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने पल्स पोलियो अभियान का शुभारम्भ भी किया तथा बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की।

     इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों की स्थापना से कस्तूरबा एवं डिग्गी बाजार क्षेत्र के हजारों नागरिकों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधा प्राप्त होगी। अब मरीजों को सामान्य एक्स-रे जांच के लिए अन्य अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत होगी। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं गंभीर रूप से बीमार मरीजों को इस सुविधा से बड़ी राहत मिलेगी।

     श्री देवनानी ने कहा कि इससे रोगों के शीघ्र एवं सटीक निदान में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि हाल ही में कस्तूरबा एवं डिग्गी बाजार के अलावा माकड़वाली, पुलिस लाइन एवं वैशाली नगर में भी पोर्टेबल एक्स-रे मशीन तथा कोटडा सैटेलाईट चिकित्सालय में सोनोग्राफी मशीन की शुरूआत की गई है।

     उन्होंने कहा कि अजमेर उत्तर क्षेत्र चिकित्सा सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से विकसित होकर प्रदेश का एक महत्वपूर्ण चिकित्सा हब बन रहा है। उन्होंने बताया कि जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में लगभग 190 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अस्पताल में लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य भी कराए जा रहे हैं, जिससे मरीजों को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।

     उन्होंने कहा कि जेएलएन अस्पताल में 18 करोड़ रुपये की लागत से रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक सुविधा भी शुरू की गई है, जिससे जटिल ऑपरेशन अब आधुनिक तकनीक के माध्यम से किए जा रहे हैं। साथ ही उत्तर क्षेत्र के सैटेलाइट अस्पताल में भी सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जहां प्रतिदिन 400 से अधिक मरीज ओपीडी सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर क्षेत्र के प्रत्येक चिकित्सालय में चिकित्सकों की उपलब्धता, जांच सुविधाएं तथा एक्स-रे सेवाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे सामान्य बीमारियों के मरीजों का दबाव जेएलएन अस्पताल पर लगातार कम हो रहा है।

     श्री देवनानी ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र के साथ-साथ अजमेर उत्तर के समग्र विकास के लिए भी अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। क्षेत्र में लेपर्ड सफारी, झीलों का विकास, साइंस पार्क, कन्वेंशन सेंटर, नए खेल स्टेडियम सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़कों का निर्माण एवं उन्नयन कार्य किया जा रहा है, जबकि पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 270 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।

     कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा, पूर्व पार्षद भारती श्रीवास्तव, सीताराम शर्मा सहित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!