विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील, 7 जुलाई को होगी काउंसलिंग
अजमेर, 04 जुलाई 2026। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर ने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा एवं रोजगारपरक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न स्नातक एवं प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन पाठ्यक्रमों में आवेदन की अंतिम तिथि 05 जुलाई 2026 निर्धारित की है तथा विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से समय रहते आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
विश्वविद्यालय के प्रवेश संयोजक प्रो सुभाष चन्द्र ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों के प्रथम वर्ष, प्रथम सेमेस्टर तथा विभिन्न प्रमाण-पत्र कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 05 जुलाई 2026 है। इन पाठ्यक्रमों के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया 07 जुलाई 2026 को विश्वविद्यालय के संबंधित विभागों में आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक प्रवेश वेबसाइट एमडीएस विश्वविद्यालय प्रवेश पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन एवं पंजीकरण कर सकते हैं।
प्रो. सुभाष चंद्र ने बताया कि विश्वविद्यालय वर्तमान समय की आवश्यकताओं, उद्योग जगत की मांग तथा रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए अनेक नवाचार आधारित, कौशल उन्मुख एवं बहुविषयक पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है। इनमें बी.एससी. नेचुरोपैथी एवं योगिक साइंस, योग इंस्ट्रक्टर कोर्स, सिंधी प्रमाण-पत्र कार्यक्रम, बर्डिंग सर्टिफिकेट कोर्स, एआई एवं साइबर सुरक्षा प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम, बी.एससी. पर्यावरण विज्ञान, बी.फार्मा, डी.फार्मा तथा बी.एससी. फूड साइंस एवं न्यूट्रिशन जैसे महत्वपूर्ण और भविष्य उन्मुख पाठ्यक्रम शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगारपरक कौशल, व्यावहारिक ज्ञान, अनुसंधान उन्मुख दृष्टिकोण तथा उद्यमिता विकास के अवसर प्राप्त होंगे। विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उन्हें बदलती वैश्विक आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष एवं सक्षम मानव संसाधन के रूप में विकसित करना भी है।