ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर

शनिवार को भी मिलेगी जन-जन को राहत

अजमेर, 10 जुलाई। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं स्थानीय स्तर पर समाधान और विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान करने के लिए शनिवार 11 जुलाई को भी ग्रामीण एवं शहरी शिविरों के माध्यम से राहत प्रदान की जाएगी।

जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि अभियान के तहत 15 जुलाई तक प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सोमवार से शुक्रवार तक ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शनिवार 11 जुलाई को उपखण्ड क्षेत्र किशनगढ़ की काढापुष्कर की खोरीसरवाड़ की सातोलाव ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार नगरीय निकायों में शहरी सेवा शिविरों का आयोजन वार्डवार किया जाएगा।

सफलता की कहानी-1

मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना का मिला लाभ

ग्रामीण सेवा शिविर 2026 का आयोजन ग्राम पंचायत दांतडा, पीसांगन में किया गया। पशुपालक श्रीमती शारदा व पति श्री सत्यनारायण के परिवार द्वारा बताया गया कि उचित सुरक्षा के अभाव एवं अनपेक्षित बीमारियों के कारण पूर्व में उनके दुधारू पशुओं की आकस्मिक मृत्यु हो चुकी थी। इस वजह से परिवार को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा। दो दुधारू भैंसों पर आश्रित होने के कारण हमेशा उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर मन में डर बना रहता था।

वित्तीय रूप से परेशान यह परिवार जब पशुपालन विभाग के संपर्क में आया, तब उन्हें राज्य सरकार की कल्याणकारी योजना मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। शिविर में उपस्थित अधिकारियों द्वारा उन्हें समझाया गया कि किस प्रकार योजना के माध्यम से वे अपने पशुओं का समय पर बीमा करवा कर भविष्य में होने वाली किसी भी बड़ी आर्थिक हानि से सुरक्षित रह सकते हैं।

योजना के सुरक्षा कवच को समझने के पश्चात लाभार्थी श्रीमती शारदा व पति श्री सत्यनारायण ने बिना किसी विलंब के तुरंत अपने दो दुधारू भैंसों का बीमा कराने का निर्णय लिया। ग्रामीण सेवा शिविर में लाभार्थी श्रीमती शारदा को उनके स्वीकृत पशु बीमा पॉलिसी के आधिकारिक दस्तावेज ससम्मान वितरित किए गए।

सफलता की कहानी-2

मौके पर जारी किया पट्टा

ग्रामीण सेवा शिविर 2026 का आयोजन ग्राम पंचायत हटूण्डी, अजमेर मुख्यालय पर हुआ। जिसमें प्रार्थी अशरफ पुत्र काना द्वारा अपने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवास का पट्टे हेतु आवेदन किया। जिस पर ग्राम पंचायत द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए प्रार्थी का पट्टा जारी किया गया। प्रार्थी ने राज्य सरकार द्वारा संचालित उक्त शिविर की प्रशंसा करते हुए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया एवं कहा कि उक्त शिविर राज्य सरकार द्वारा हर वर्ष आयोजित होने चाहिए ताकि मुझ जैसे गरीब आदमियों का कार्य का समाधान तुरन्त हो सके।

सफलता की कहानी-3

पट्टे देकर राहत प्रदान की गई

राज्य की संवदेनशील, पारदर्शी और जवाबदेह सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याण की विभिन्न योजनाओं, फ्लेगशिप योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के लिए इस पंचायत समिति सावर की ग्राम पंचायत कालेडा कंवर जी में ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया।

शिविर में ग्राम पंचायत कालेडा कंवर जी के ग्राम कालेडा कंवर जी निवासी छोटु लाल लोधा को शिविर प्रभारी भगवती प्रसाद वेष्णव, कार्यवाहक उपखण्ड अधिकारी, सावर द्वारा पट्टा प्रदान किया गया। शिविर के दौरान छोटु लाल लोधा को पट्टा प्रदान किया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। छोटु लाल लोधा ने राजस्थान सरकार व प्रशासन का आभार व्यक्त किया तथा बताया कि मै पट्टे हेतु कई दिनों से परेशान हो रहा था। पट्टा प्राप्त होने से मुझे अपने घर का मालिकाना हक प्राप्त हो गया है व लम्बे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद का भी निस्तारण हो सकेगा। छोटु लाल लोधा ने पुनः सरकार द्वारा चलाये जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर की प्रशंसा की और सभी को धन्यवाद् ज्ञापित किया।

सफलता की कहानी-4

शिविर में मिली बंटवारा की स्वीकृति

ग्राम पंचायत नोसल, रूपनगढ़ में आयोजित हुए ग्रामीण सेवा शिविर अभियान 2026 कैम्प ग्राम भिलावट के वर्तमान जमाबंदी के ख.नं. 35 रकबा 3.2440 के खातेदार भंवरलाल पुत्र लच्छा राम एवं राजुराम पुत्र लच्छा राम निवासी भिलावट जाति गुर्जर सा. देह खातेदारों ने कैम्प में उपस्थित होकर बंटवारे के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। शिविर प्रभारी ने शिविर स्थल पर ही भू.अ. निरीक्षक कोटड़ी व पटवारी हल्का नोसल को बंटवारा प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने हेतु आदेशित किया।

भू.अ. निरीक्षक कोटड़ी व पटवारी हल्का नोसल ने मौके पर ही बंटवारा प्रस्ताव तैयार कर शिविर प्रभारी के समक्ष प्रस्तुत किया। जिसे मौके पर ही स्वीकृत कर ऑनलाईन दर्ज करने हेतु आदेशित किया गया। सभी खातेदारों ने बताया कि बंटवारे को लेकर हमारे परिवार में काफी वर्षों से विवाद चल रहा था। जिसका इस कैम्प में इतना आसानी व सुगमता से विभाजन हुआ। जिसके लिए राज्य सरकार व प्रशासन को धन्यवाद अर्पित किया व खुशी-खुशी अपने घर को प्रस्थान किया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!