भंवरलाल गोठी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हिंदी कविता वाचन प्रतियोगिता का आयोजन

ब्यावर। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित भंवरलाल गोठी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हिंदी भाषा के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने तथा उनकी अभिव्यक्ति क्षमता का विकास करने के उद्देश्य से हिंदी कविता वाचन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में कक्षा प्रथम एवं द्वितीय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए देशभक्ति, प्रकृति, संस्कार एवं नैतिक मूल्यों पर आधारित कविताओं का प्रभावशाली वाचन प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की स्पष्ट वाणी, भावपूर्ण प्रस्तुति एवं आत्मविश्वास ने उपस्थित सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य धर्मेन्द्र कुमार शर्मा द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
प्रतियोगिता में कक्षा प्रथम में विवान जैन ने प्रथम, मितांशी मेहता ने द्वितीय तथा अक्षत मंगानी एवं अद्विका शर्मा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा द्वितीय में नव्या मुणोत ने प्रथम, जिनिशा सोनी ने द्वितीय तथा जियांशु शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका रेनु कोठारी एवं प्रभा शर्मा ने निभायी। निर्णायकों ने उच्चारण, भावाभिव्यक्ति, मंच संचालन एवं आत्मविश्वास को आधार बनाकर परिणाम घोषित किए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य धर्मेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि हिंदी कविता वाचन जैसी साहित्यिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। इससे बच्चों में भाषा पर पकड़, आत्मविश्वास, मंच पर प्रस्तुति देने की क्षमता तथा रचनात्मक सोच का विकास होता है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एवं नैतिक रूप से भी समृद्ध बनाना है।
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेन्द्र पारख ने कहा कि विद्यालयों में नियमित रूप से आयोजित साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। हिंदी हमारी संस्कृति और संवेदनाओं की भाषा है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में भाषा के प्रति सम्मान, अभिव्यक्ति का आत्मविश्वास तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। समिति सदैव विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम का सफल संचालन निर्मला माली एवं सुखजीत कौर ने किया। विद्यालय परिवार ने प्रतियोगिता की सफलता पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!