अजमेर, 20 जुलाई।
महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के उद्देश्य से 23 जुलाई 2026 को “स्वागत एवं इंडक्शन कार्यक्रम-2026” का आयोजन किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि उच्च शिक्षा केवल ज्ञानार्जन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार, अनुशासन, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त मंच है। इसी दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रत्येक वर्ष नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित करता है, जिससे वे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक परंपराओं, कार्य संस्कृति, छात्र हितैषी योजनाओं तथा उपलब्ध अवसरों से परिचित हो सकें।
कार्यक्रम में राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. बी. आर. छीपा मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल करेंगे।
कुलगुरु प्रो. अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों में समग्र विकास, नवाचार, अनुसंधान, कौशल विकास, उद्यमिता, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। यह इंडक्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक चुनौतियों के लिए प्रेरित करेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों से कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी एवं स्मरणीय अनुभव सिद्ध होगा तथा उन्हें विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्कृति से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा।
— जनसंपर्क प्रकोष्ठ
महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर