छात्र हित सर्वोपरि, दोषियों को मिलेगी त्वरित सजा: डॉ. अरविंद शर्मा

डॉ. अरविंद शर्मा

भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य की सुरक्षा और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लगातार ठोस एवं निर्णायक कदम उठा रही है। सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक जैसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
डॉ. शर्मा ने बताया कि पेपर लीक से जुड़े संशोधन विधेयक में दोषियों के विरुद्ध कठोर प्रावधान किए गए हैं। इसके तहत व्यक्तिगत मामलों में 10 वर्ष तक की सजा और ₹1 करोड़ तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है। संगठित रूप से पेपर लीक करने वालों को 5 से 10 वर्ष तक की जेल तथा न्यूनतम ₹1 करोड़ जुर्माना भुगतना होगा। वहीं, दोषी पाए जाने वाले सर्विस प्रोवाइडर पर ₹10 करोड़ तक जुर्माना लगाया जा सकेगा। साथ ही मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट, तीन माह में सुनवाई तथा विशेषज्ञों की टास्क फोर्स द्वारा जांच जैसे प्रावधान किए गए हैं।
डॉ. शर्मा ने कहा कि सरकार NEET एवं शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी मुद्दों पर संसद में विस्तृत चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण रूप से कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल बार-बार बहाने बनाकर सदन की कार्यवाही बाधित कर रहे हैं। लोकतंत्र में समाधान का मार्ग संवाद और चर्चा से निकलता है, न कि व्यवधान और राजनीतिक टकराव से।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों जैसे गंभीर विषय पर भी भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कानून मंत्री श्री कपिल सिब्बल का हालिया बयान तथ्यों से परे है। संसद सत्र के दौरान लुटियंस ज़ोन में धारा 144 (अब भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163) का लागू होना एक नियमित प्रशासनिक व्यवस्था है, जिसका समय-समय पर नवीनीकरण होता रहता है। ऐसे स्थापित तथ्यों के बावजूद भ्रामक बयान देना केवल भ्रम फैलाने का प्रयास है।
डॉ. शर्मा ने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि वे सत्तालोलुप और अवसरवादी राजनीति से सावधान रहें तथा संसद को सुचारु रूप से चलने दें, ताकि इस महत्वपूर्ण विषय पर सार्थक चर्चा हो सके। उन्होंने कहा कि देश की जनता स्वयं तय करेगी कि कौन वास्तव में छात्र हित में कार्य कर रहा है और कौन केवल राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे का उपयोग कर रहा है।
उन्होंने दोहराया कि भारतीय जनता पार्टी का स्पष्ट संकल्प है कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी।

— डॉ. अरविंद शर्मा
प्रदेश प्रवक्ता
भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!