जयपुर में मानव अधिकार विकास संघ का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित

संगठन विस्तार एवं जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा
जयपुर । मानव अधिकार विकास संघ का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन रविवार को जयसिंहपुरा खोर, जयपुर में आयोजित किया गया। सम्मेलन में मानवाधिकार संरक्षण, सामाजिक न्याय, संगठन विस्तार तथा विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। साथ ही प्रदेशभर में संगठन को अधिक प्रभावी बनाने तथा समाज के वंचित, कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक कार्ययोजना पर मंथन किया गया।
सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि मानवाधिकारों की रक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। महिला अधिकार, बाल अधिकार, सामाजिक समानता, विधिक जागरूकता तथा कमजोर वर्गों को न्याय दिलाने के लिए संगठन को गांव, ब्लॉक एवं जिला स्तर तक सक्रिय करने पर विशेष जोर दिया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश तंवर ने संगठन को प्रदेश के प्रत्येक जिले एवं ब्लॉक तक मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि मानव अधिकार विकास संघ समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकारों की आवाज पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विशेष रूप से नारी शक्ति प्रकोष्ठ को मजबूत बनाने पर बल देते हुए कहा कि संगठन में महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सिलाई प्रशिक्षण केंद्रों सहित स्वरोजगार एवं कौशल विकास से जुड़े विशेष कार्यक्रम संचालित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें और समाज में उनकी भागीदारी बढ़े।
सम्मेलन में निर्णय लिया गया कि प्रदेशभर में मानवाधिकार जागरूकता अभियान, विधिक सहायता शिविर, स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर, महिला एवं बाल अधिकार जागरूकता कार्यक्रम, सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्य तथा कौशल विकास गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जाएगा। साथ ही संगठन के विस्तार के लिए प्रत्येक जिले एवं ब्लॉक स्तर पर नई इकाइयों का गठन कर उन्हें सक्रिय किया जाएगा।
सम्मेलन को राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश तंवर, राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम शर्मा, चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पुरुषोत्तम सोनी, नारी शक्ति प्रकोष्ठ की प्रदेशाध्यक्ष ममता आसिवाल, प्रदेशाध्यक्ष क्षत्रपाल सिंह, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश चंद्र जैन, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी गोपाल सोनी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष स्वाति मिश्रा, कल्पना कुमावत, संगठन मंत्री माया प्रजापत, विधि सलाहकार राजेश गंगवाल सहित अनेक पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
इस अवसर पर जयसिंहपुरा खोर इकाई के कार्यकर्ताओं का संगठन के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष सम्मान किया गया। सम्मेलन के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मानवाधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय की स्थापना तथा जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया।
सम्मेलन के दौरान मानवाधिकार विकास संघ के समर्पित पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं संगठन के सक्रिय सदस्यों को संगठन विस्तार, मानवाधिकार संरक्षण तथा समाजसेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभी सम्मानित सदस्यों को भविष्य में भी जनहित एवं मानवाधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया गया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!