खड़गपुर, 2 अगस्त।
सलुआ की होनहार छात्रा सरोजिनी श्रेष्ठ की 12वीं बोर्ड परीक्षा में 93.20 प्रतिशत अंक हासिल करने की उपलब्धि पर पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। इस सफलता से सबसे अधिक गौरवान्वित उनके दादा एवं समाजसेवी गोपाल नेवार हैं। उन्होंने कहा कि सरोजिनी ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है और वह परिवार के साथ-साथ पूरे सलुआ क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन गई हैं।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय (एएफएस), सलुआ में आयोजित सम्मान कार्यक्रम के दौरान 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 12 विद्यार्थियों के साथ सरोजिनी की तस्वीर भी विद्यालय परिसर में लगाए गए बैनर में शामिल की गई। कॉमर्स संकाय की छात्रा सरोजिनी ने 500 में 466 अंक (93.20 प्रतिशत) प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
गोपाल नेवार ने कहा कि बच्चों को केवल अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अच्छे संस्कार, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करनी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि सरोजिनी भविष्य में उच्च शिक्षा प्राप्त कर परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करेगी।
सरोजिनी की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने भी खुशी व्यक्त करते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।