*आयोग अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह ने किया ध्वजारोहण, बोले— ‘8.5 करोड़ नागरिकों और युवाओं का भरोसा बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता’*
अजमेर, 15 अगस्त। राजस्थान लोक सेवा आयोग में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रगीत के उपरांत आयोग अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह ने ध्वजारोहण किया, जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ। समारोह के दौरान आयोग के सुरक्षा कार्मिकों एवं रेस्को गार्ड्स को मिठाई वितरित की गई।कार्यक्रम में आयोग के सदस्य डॉ. सुशील कुमार बिस्सु, श्री हेमंत प्रियदर्शी, डॉ. दीपक कुमार शर्मा और सचिव श्री आशुतोष गुप्ता सहित समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
_*आरपीएससी केवल एक संस्था नहीं, 8.5 करोड़ नागरिकों की उम्मीदों का केंद्र*_
समारोह को संबोधित करते हुए आयोग अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के अमर शहीदों और वीर स्वतंत्रता सेनानियों के सर्वोच्च बलिदान का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि आरपीएससी एक सामान्य संस्था नहीं, बल्कि प्रदेश के 8.5 करोड़ नागरिकों और लाखों युवाओं के सपनों व भरोसे का प्रतीक है। इस विश्वास को अक्षुण्ण बनाए रखना आयोग परिवार के प्रत्येक सदस्य का दायित्व है।
_*कर्मचारियों का समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा ही आयोग की असली ताकत*_
आयोग अध्यक्ष ने कार्मिकों के परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारी और कर्मचारी ही आयोग की स्थायी रीढ़ हैं। 1962 के ऐतिहासिक रेज़ांग ला युद्ध के रणबांकुरों के शौर्य का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि आरपीएससी कर्मी भी चुनौतियों के बीच युद्ध स्तर पर 24 से 48 घंटे लगातार काम कर परीक्षाओं को सफलतापूर्वक संपन्न कराते हैं। हाल ही में 12 लाख से अधिक अभ्यर्थियों की परीक्षा का सफल आयोजन इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से युवा कार्मिकों को बेहतर कार्यसंस्कृति व मार्गदर्शन देने का आह्वान किया। साथ ही सभी से उच्च अनुशासन, समयबद्धता और निष्पक्षता बनाए रखते हुए आयोग की गरिमा और साख को और सुदृढ़ करने की अपील की।
_*उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित*_
समारोह के दौरान आयोग में उत्कृष्ट एवं निष्ठापूर्ण कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ उप सचिव श्री प्रकाश चन्द ओझा, उप सचिव श्रीमती सुनीता रावत, सहायक निदेशक श्री धर्म चन्द चौधरी, प्रोग्रामर श्री रवि कुमार ठठेरा, सहायक सांख्यिकी अधिकारी श्रीमती चारू वर्मा, सहायक प्रोग्रामर श्री तेजेन्द्र सिंह निर्वाण, सूचना सहायक श्री तरूण जांगिड़ तथा लिपिक ग्रेड-1 श्री सुरेश चन्द एवं श्री धनराज मीणा शामिल रहे।
इसके साथ ही, समन्वय एवं व्यवस्था अनुभाग को उत्कृष्ट व्यवस्थाओं हेतु सम्मानित किया गया। अनुभाग के उप सचिव श्री सीआर पंवार, अनुभाग अधिकारी श्री तेज सिंह भाटी, सहायक अनुभाग अधिकारी श्री वीरेंद्र सिंह, श्री रामदास, श्री धर्मवीर एवं श्री लक्ष्मण सिंह को प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम दौरान मंच संचालन श्री दिनेश सिंगोदिया ने किया।